'पाकिस्तान तय करें, दुनिया के नक्शे में रहना है या इतिहास...', आर्मी चीफ की आतंकवाद पर PAK को सीधी चेतावनी
India-Pakistan: सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसे अपनी नीति में बदलाव करना होगा। अगर वो आतंकवादियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ काम करना जारी रखता है, तो उसे गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ा सकता है।
- भारत
- 2 min read

General Upendra Dwivedi warning to Pakistan: भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को सख्त लहजे में कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने पड़ोसी मुल्क को सलाह दी कि वे अपनी नीति में बदलाव करें। उसे ये तय करना है कि वे दुनिया के नक्शे में बना रहना चाहता है या फिर इतिहास में दफन होना चाहता है।
पाकिस्तान को सख्त चेतावनी
शनिवार (16 मई) को मनकशॉ सेंटर में सेना संवाद कार्यक्रम में आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ये बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना और भारत के खिलाफ काम करना जारी रखता है, तो उसे गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ा सकता है। उसे यह तय करना होगा कि वह भूगोल का हिस्सा रहना चाहता है या इतिहास का।
आर्मी चीफ ने आगे यह भी कहा कि भारत किसी भी तरह की आतंकी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेगा। 'एक्ट ऑफ टेरर' को 'एक्ट ऑफ वॉर' माना जाएगा।
ऑपरेशन सिंदूर का एक साल पूरा
जनरल उपेंद्र द्विवेदी का ये बयान भारत की आतंकवाद के लिए 'जीरो टॉलरेंस' की नीति को दोहराता है। उनका ये बयान ऐसे समय पर आया है जब भारत ऑपरेशन सिंदूर का एक साल पूरा होने का जश्न मना रहा। पहलगाम आतंकी हमले के बदले में भारत ने 7 मई 2025 को यह ऑपरेशन शुरू किया था। भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना ने एक संयुक्त अभियान में पाकिस्तान और PoK में स्थित 9 प्रमुख आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा (LeT), जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और हिजबुल मुजाहिद्दीन जैसे संगठनों के ट्रेनिंग कैंपों और लॉन्च पैड्स को नष्ट किया गया। ऑपरेशन में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे।
Advertisement
भारत की इस कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने भी भारत पर हमले करने की कोशिशें की। उसने दिल्ली को लक्ष्य बनाने के लिए फतेह-II बैलिस्टिक मिसाइल दागी, लेकिन भारत के मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम ने उसके हर हमले को नाकाम कर दिया। इसके बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के एयरबेस और कई अहम ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। करीब 88 घंटों तक संघर्ष चलता रहा, जिसमें पाकिस्तान की हालत काफी खराब हो गई थी। पाकिस्तान के अनुरोध पर 10 मई को भारत ने सीजफायर किया गया।
भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान को यह बार-बार कहा जा चुका है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, ये अभी जारी है। ऐसे में उसे कोई भी गुस्ताखी भारी पड़ सकती है।