'मैं कभी नारी का अपमान...', अनिरुद्धाचार्य ने मांगी माफी, महिलाओं पर की थी अभद्र टिप्पणी
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के बयान पर बवाल थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब उन्होंने सफाई देते हुए माफी मांग ली है।
- भारत
- 2 min read

Aniruddhacharya Viral Video: मथुरा-वृंदावन के कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने हाल ही में लड़कियों की उम्र पर दिए अपने विवादित बयान के लिए सफाई देते हुए माफी मांग ली है।
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि वह कभी नारी का अपमान नहीं कर सकते। उनकी टिप्पणी केवल कुछ महिलाओं के कृत्यों पर थी, पूरे नारी समाज पर नहीं थी।
'बहनें आधी-अधूरी वीडियो सुनने के बाद नाराज'
अनिरुद्धाचार्य ने अपने बयान को लेकर कहा, 'हमारी कुछ बहनें आधी-अधूरी वीडियो सुनने के बाद से नाराज हैं। बात ये कही जाती है कुछ लड़कियां कैसी होती हैं। कुछ लड़कियां ऐसी होती हैं जो लिव-इन में रहकर चार जगह मुंह मारकर, किसी के भी घर में जाएंगी तो आप ही बताएं कि क्या वो रिश्ते को निभा पाएंगी। इसलिए लड़की हो या लड़का दोनों को पहले तो चरित्रवान होना चाहिए। ये बात कुछ लड़कियों और कुछ लोगों के लिए हैं।'
'वीडियो से कुछ शब्द हटाए गए'
उन्होंने आगे कहा, 'क्या बात कही गई थी कि कुछ लड़कियां और लोग ऐसे हैं जैसे कि राजा रघुवंशी कि पत्नी ने अपने पति का कत्ल कर दिया। वो 25 साल की ही थी। उसने किसी पराए पुरुष की वजह से अपने ही पति को मार डाला। वही बात कही जा रही है। ऐसे में मेरी वीडियो से कुछ शब्द हटा दिया गया। इसके बाद सीधी बात रह गई कि लड़कियों को बुरा कह दिया गया।'
Advertisement
'मैं कभी नारी का अपमान नहीं कर सकता'
उन्होंने माफी मांगते हुए कहा, 'मैं कभी नारी का अपमान नहीं कर सकता। नारी तो हमारी लक्ष्मी है। यहां तो नारी के अपमान का कोई सवाल ही खड़ा नहीं होता। इसके बावजूद अगर मेरी आधी-अधूरी बात सुनने के बाद कोई भी बहन-बेटी आहत हुई है तो मुझे माफ करें।'
थमने का नाम नहीं ले रहा विरोध
अनिरुद्धाचार्य ने भले ही अपने बयान के लिए माफी मांग ली हो, लेकिन इसके बाद भी उनके खिलाफ महिलाओं और सामाजिक संगठनों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इतना ही नहीं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठ रही है।