Latif Bhat Encounter: लतीफ भट के एनकाउंटर पर अमित शाह ने सुरक्षाबलों को किया 'सेल्यूट', कहा- कश्मीर से लश्कर का आखिरी...
लश्कर कमांडर लतीफ भट के एनकाउंटर पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को बधाई दी है और उन्हें 'सेल्यूट' किया है।
- भारत
- 4 min read

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार,18 नवंबर तड़के कुलगाम जिले के जंगलपोरा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के मोस्ट वांटेड और घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान में यह कार्रवाई की गई। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस सफलता पर जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को बधाई दी है और उन्हें 'सेल्यूट' किया है।
कुलगाम में आतंकी और सुरक्षाबलों के बीच बुधवार अहले सुबह से मुठभेड़ शुरू हो गई थी। आतंकी एक मस्जिद में छिपकर जान बचाने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षाबलों ने पहले उसे सरेंडर करने को कहा, मगर लतीफ भट ने सरेंडर करने से मना कर दिया। घंटों दोनों ओर से चली भीषण गोलीबारी के बाद लतीफ भट मारा गया। इस सफलता पर सुरक्षबलों को हर तरफ से बधाई मिल रही है।
अमित शाह ने सुरक्षाबलों के लिए क्या कहा?
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को बधाई दी। एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा-" "जम्मू-कश्मीर पुलिस (JKP), भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से, घाटी में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी, लतीफ भट को आज कुलगाम में एक ऑपरेशन के दौरान मार गिराया गया। उसके एक साथी आतंकवादी, उमर निसार को भी एक दिन पहले कुलगाम में ही मार गिराया गया था। देश JKP, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।"
पूरे ऑपरेशन में मस्जिद की दीवार पर एक गोली नहीं लगी- रविंदर रैना
वहीं, LeT कमांडर लतीफ भट के मारे जाने पर भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा, "हमारे जवानों ने लश्कर-ए-तैयबा के खूंखार आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है, जिस पर लाखों रुपये का इनाम था....सुरक्षा बलों ने उसे सरेंडर करने का पूरा मौका दिया, यहां तक कि उसके परिवार वालों को भी बुलाया, लेकिन वह एक मस्जिद के अंदर छिप गया। हमारे जवानों ने मस्जिद का पूरा सम्मान बनाए रखा, मस्जिद की दीवारों पर एक भी गोली नहीं लगी और उसे तभी मार गिराया गया जब उसने भागने की कोशिश की...मैं अपने जांबाज वीरों, पुलिस, सीआरपीएफ, आर्मी को सलाम करता हूं।"
Advertisement
कौन था लश्कर कमांडर लतीफ भट
लतीफ भट कश्मीर में लश्कर का बचा हुआ इकलौता कमांडर था। वह कुलगाम जिले के खेरवान क्षेत्र का रहने था। उसका नाम द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) से भी जोड़ा जाता रहा है, जिसे लश्कर का सहयोगी संगठन माना जाता है। कुलगाम के अखरान इलाके में बीते 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक चौकी पर हुए आतंकी हमले के बाद सेना लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। इस हमले लश्कर कमांडर लतीफ भट का हाथ था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चला रही थी।
यह भी पढ़ें: लश्कर कमांडर लतीफ भट कुलगाम मुठभेड़ में ढेर