अमित शाह के UCC पर दिए एक बयान से विपक्षी खेमा में हड़कंप, ओवैसी को सताया मुसलमानों की चिंता, किस पार्टी ने क्या कहा?
Uniform Civil Code: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 21 एनडीए शासित राज्यों में यूसीसी लागू करने के बयान पर सियासी पारा हाई हो गया है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से लेकर कांग्रेस, आप और जेडीयू के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी हैं।
- भारत
- 5 min read

Uniform Civil Code: रविवार, 13 सितंबर को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने भाजपा और NDA की सरकार वाले सभी 21 राज्यों में वर्ष 2029 से पहले समान नागरिक संहिता लागू करने का लक्ष्य बताया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गृह मंत्री ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में सभी NDA शासित बाकी राज्यों में इसे लागू करने हेतु काम हो रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए बयान के बाद विपक्षी पार्टियों में हड़कंप मच गया है। AIMIM के चीफ और सांसद असदुद्दीन ओवैसी से लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, आप पार्टी और कांग्रेस समेत कई नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
2029 से पहले NDA शासित राज्यों में UCC लागू होंगे-अमित शाह
रविवार, 13 सितंबर को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नागरिक संहिता लागू करने को लेकर कहा ‘हमने कई राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की है। मुझे विश्वास है कि हम 2029 से पहले भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए द्वारा शासित सभी 21 राज्यों में यूसीसी लागू कर देंगे।’
18 करोड़ मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा-असदुद्दीन ओवैसी
UCC पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी कहते हैं, “BJP समानता के लिए UCC नहीं ला रही है। वह UCC सिर्फ़ उन राज्यों में ला रही है जहां उसकी सरकार है, ताकि भारत के 18 करोड़ मुसलमानों को निशाना बनाया जा सके। BJP और अमित शाह ऐसा संविधान के आर्टिकल 25 (जो धर्म की आज़ादी की गारंटी देता है), आर्टिकल 14 (जो समानता के अधिकार की गारंटी देता है) और आर्टिकल 26 व 29 के ख़िलाफ़ कर रहे हैं। तो, पहली बात जो हमें समझनी चाहिए, वह यह है कि BJP ऐसा समानता के लिए नहीं कर रही है। इसका मकसद सिर्फ मुसलमानों को निशाना बनाना है।”
Advertisement
भाजपा का आत्मविश्वास डगमगाया हुआ है-कांग्रेस नेता हरीश रावत
UCC पर कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा, "इसका मतलब भाजपा ने ये मान लिया है कि वो जो उनकी सरकार का काम है। उसके बल पर नहीं जीत सकते हैं। उनको उनका आत्मविश्वास डगमगाया हुआ है और इसलिए अब वो अपने पुराने एजेंडे में जो बटवारे का बांटने का एजेंडा है, उस एजेंडे पर जा रहे हैं।'
आगे उन्होंने कहा ‘यूसीसी ने उत्तराखंड को कुछ नहीं दिया हमारी संस्कार आधारित विवाह पद्धति थी, इन्होंने उसको समाप्त कर दिया। जो उत्तराखंड में किया है वो और जगहों भी वो भी भुगतेंगे।इससे सनातन कमजोर होगा और कोई नहीं, सनातन परंपरा पर आधारित व्यवस्था है। सनातन धर्म जो है, वो कमजोर होगा और यूसीसी सनातन धर्म को कमजोर करेगी।’
Advertisement
BJP इसी सब में तो उलझा के रखी हुई है-AAP सांसद संजय सिंह
2029 तक NDA-शासित 21 राज्यों में UCC लागू होने पर उन्होंने कहा," वो इसी सब में तो उलझा के रखा हुए हैं। रोजगार की स्कूल की अस्पताल की तरक्की की बात ही नहीं करते हैं।"
भारतीय जनता पार्टी का संकल्प साफ है-कपिल मिश्रा
यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड लागू करने पर दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, "गृह मंत्री का यह ऐलान भी है और संकल्प भी है भारतीय जनता पार्टी का और हमने देखा है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो सरकार चल रही है एक-एक करके जो भी संकल्प किए गए हैं भारत के लोगों के साथ भारत के साथ वो सभी संकल्प पूरे हो रहे हैं।
यूनिफॉर्म सिविल कोड एक बड़ा संकल्प है जिसको पूरा करने की घोषणा बार-बार की भी गई है और अब आज गृह मंत्री ने एक तरह से एक समय सीमा निश्चित कर दी है NDA के जो सभी शासित राज्य हैं उनमें 2029 तक यूसीसी आ जाएगा और दिल्ली में उसमें है तो दिल्ली में यूसीसी आना ही है।"
UCC के बारे में बिहार सरकार से पूछा जाना चाहिए-तेजस्वी यादव
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर RJD नेता और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव कहते हैं, "जनता दल (यूनाइटेड) से पूछिए कि उनका क्या रुख है। यह उनके नेताओं से पूछा जाना चाहिए। इस मुद्दे पर उनका क्या रुख है? वे बिहार में सरकार का हिस्सा हैं।"