हिमाचल में बड़ा हादसा टला; शिमला में उतरते वक्त स्टड से टकराया विमान, सवार थे राज्य के डिप्टी CM और डीजीपी

हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और डीजीपी अतुल वर्मा समेत करीब 30 यात्रियों को दिल्ली से लेकर आ रहा विमान शिमला में रनवे से आगे निकल गया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Aircraft misses landing at Shimla Jubbarhatti Airport
शिमला में उतरते वक्त विमान स्टड से टकराया. | Image: File

Shimla : हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और पुलिस महानिदेशक अतुल वर्मा समेत 30 से अधिक यात्रियों को सोमवार सुबह दिल्ली से लेकर आ रहा एक विमान जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे पर रनवे से आगे निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान रनवे पार कर हवाई पट्टी के किनारे लगे ‘स्टड’ से टकरा गया।

हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि विमान नियमित जांच के बाद दिल्ली से रवाना किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, इंजीनियर विमान का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि कोई तकनीकी गड़बड़ी तो नहीं थी। अग्निहोत्री ने संवाददाताओं से कहा, “रनवे छोटा है और हम इस तथ्य से इनकार नहीं कर सकते। एक आम आदमी के तौर पर मैं कह सकता हूं कि उतरते समय विमान उस जगह जमीन पर नहीं उतरा, जहां उसे उतरना चाहिए था और हवाई पट्टी के अंत में पहुंच गया।”

उन्होंने कहा, “केवल हवाई अड्डा प्राधिकरण या नागर विमानन महानिदेशालय ही बता सकता है कि क्या हुआ, लेकिन मैं कह सकता हूं कि उतरने में कोई समस्या थी। हमने देखा कि रनवे खत्म हो चुका था।” अग्निहोत्री ने कहा कि सभी यात्री लगभग 20-25 मिनट तक विमान में ही रहे और धर्मशाला की उड़ान रद्द कर दी गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह मामले पर चर्चा करने के लिये नागर विमानन मंत्री से बात करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बताया गया है कि टायर फटने के बाद आपातकालीन ब्रेक लगाने पड़े और मैं इस संबंध में नागर विमानन मंत्री से बात करूंगा।"

राज्य की राजधानी से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे पर 1,230 मीटर लंबी हवाई पट्टी है और इसे इसकी संरचना के कारण सबसे चुनौतीपूर्ण हवाई अड्डों में से एक माना जाता है, जहां रनवे दोनों तरफ खड़ी ढलानों वाले एक ऊंचे पठार पर स्थित है।

Advertisement

(PTI की खबर में हेडलाइन में बदलाव किया गया है)

Published By:
 Dalchand Kumar
पब्लिश्ड