Ahmedabad Plane Crash: शादी को हुए थे कुछ ही महीने, पति से मिलने लंदन जा रही थी नई नवेली दुल्हन; पहली ही उड़ान में थम गई सांसें
पति से मिलने की खुशी और आंखों में कई सपने लिए पहली बार विदेश यात्रा के निकली नई नवेली दुल्हन की सांसें उस वक्त थम गईं जब वो एयर इंडिया के विमान AI-171 में सफर कर रही थी।
- भारत
- 3 min read

Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में हुआ विमान हादसा कई परिवारों को जिंदगी भर न भूलने वाला गम दे गया। इस प्लेन क्रैश में 21 साल की एक नई नवेली दुल्हन खूशबू की मौत हो गई है। खुशबू लंदन में पति के पास जाने के लिए पहली बार विदेश यात्रा कर रही थी।
राजस्थान के बालोतरा जिले के अराबा गांव की रहने वाली 21 साल की नई नवेली दुल्हन खुशबू की सांसें उस वक्त थम गई जब वो जब वो एयर इंडिया के विमान AI-171 में यात्रा कर रही थी। ये प्लेन अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरे के चंद मिनटों बाद ही क्रैश हो गया। इस हादसे ने न केवल खुशबू की जान ली, बल्कि उसके नए जीवन और नए सपनों को भी वहीं खत्म कर दिया।
पिता ने बेटी को विदा करने से पहले खिंचवाई थी तस्वीर
बेटी को खुद से इतनी दूर विदा करने पहुंचे खुशबू के पिता मदन सिंह ने एक भावुक तस्वीर क्लिक करवाई थी जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसी तस्वीर को उन्होंने व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाया था। इस तस्वीर को डालते हुए उन्होंने लिखा था, 'आशीर्वाद खुशबू बेटा, गोइंग टू लंदन।' बेटी के प्लेन में जाने के बाद पिता और चचेरे भाई गांव के लिए रवाना हो ही रहे थे कि इस हादसे की खबर ने उन्हें झकझोर कर रख दिया।
जाने से पहले खुशबू की आंखों में आंसू थे
जानकारी के अनुसार, खुशबू की शादी इसी साल 18 जनवरी को जोधपुर जिले की लूणी खाराबेरा गांव के डॉक्टर विपुल से हुई थी जो लंदन में प्रैक्टिस करते हैं। शादी के महज कुछ दिन बाद ही वो वापस लंदन लौट गए थे। ऐसे में खुशबू कुछ महीनों तक मायके और ससुराल में रही। महीनों के इंतजार के बाद वह पहली बार आंखों में सपने और दिल में थोड़ी सी घबराहट लिए पति से मिलने लंदन जा रही थी। परिवार की मानें तो फ्लाइट लेने से पहले खुशबू की आंखों में आंसू थे। वो मां से लिपटकर भी खूब रोई थी। खुशबू के पिता मदन सिंह गांव में मिठाई की दुकान चलाते हैं और खेती करती हैं। चार बच्चों में खुशबू सबसे बड़ी बताई जा रही है। खुशबू से छोटी दो बहनें और एक भाई है।
Advertisement
बेटी को खोने के गम से टूटा परिवार
खुशबू को खोने के बाद से पूरे परिवार में गम का माहौल है। आखिरी बार बेटी को विदा करने गए पिता के लिए बेटी के साथ हुई ये दर्दनाक दुर्घटना किसी सदमे से कम नहीं है। इस हादसे से नए नवेले कपल की दुनिया तबाह करके रख दी।
प्लेन क्रैश में 241 लोगों की गई जान
बता दें कि अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहा एयर इंडिया का विमान AI-171 गुरुवार, 13 जून को क्रैश हो गया। विमान ने दोपहर करीब 1.39 बजे उड़ान भरी थी। हालांकि, टेक ऑफ के चंद मिनटों बाद ही ये हादसे का शिकार हो गया। फ्लाइट में कुल 242 लोग सवार थे जिनमें से 241 लोगों की जान चली गई। इसमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी यात्रा कर रहे थे।