अपडेटेड 17 February 2025 at 11:20 IST
Earthquake: दिल्ली-बिहार के बाद इन राज्यों में भी डोली धरती, इतनी रही तीव्रता... भूकंप से देशभर में दहशत
दिल्ली-बिहार के बाद देश के कुछ और राज्यों में भी भूकंप के झटके आए। इससे भूकंप को लेकर देशभर में हड़कंप मच गया है।
- भारत
- 2 min read

Earthquake News: भूकंप के झटकों से देशभर में दहशत मच गई है। पहले सुबह-सुबह दिल्ली-नोएडा की धरती तेज झटकों से कांप उठी। इसके बाद बिहार में भी भूकंप के झटके महसूस हुए। दिल्ली-बिहार के बाद देश के कुछ और राज्यों में आज (17 फरवरी) को भूकंप के झटके आए। इससे भूकंप को लेकर देशभर में हड़कंप मच गया है।
सबसे पहले भूकंप के झटके दिल्ली-NCR में महसूस हुए, जो बहुत तेज थे। इसके करीब ढाई घंटे बाद बिहार के सीवान में ही उतनी तीव्रता के झटके आए।
इन राज्यों में भी महसूस हुए भूकंप के झटके
दिल्ली-बिहार के बाद देश के दूसरे कई राज्यों में भी सोमवार (17 फरवरी) को धरती डोली है। ओडिशा के पुरी और सिक्किम में भूकंप के झटके महसूस हुए। जानकारी के अनुसार आज सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर पुरी में भूकंप के झटके महसूस हुए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.7 मापी गई। वहीं, सिक्किम में महसूस हुए झटके हल्के थे। यहां 2.3 तीव्रता रही।
भूकंप के तेज झटकों ने दिल्ली-NCR के लोगों को जगाया
इससे पहले सुबह 5.36 बजे दिल्ली से लेकर नोएडा-गाजियाबाद-गुरुग्राम समेत NCR में भूकंप के जोरदार झटके महसूस हुए थे। रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.0 ही थी, लेकिन झटके बहुत तेज थे। ऐसा इसलिए क्योंकि इसका केंद्र दिल्ली ही था और कम गहराई पर भी था। भूकंप का केंद्र धौला कुआं के झील पार्क क्षेत्र में 5 किलोमीटर की गहराई पर था।
Advertisement
बिहार के सीवान में भी दिल्ली जितनी तीव्रता का भूकंप
दिल्ली-NCR के बाद सुबह 8.02 बजे बिहार के सीवान की धरती भूकंप के झटके से कांपी। यहां भी दिल्ली जितनी तीव्रता का ही भूकंप आया था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया है कि रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.0 थी।
बिहार आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा, ‘‘भूकंप से संपत्ति या जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।’’ सीवान में भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई और वह इमारतों से बाहर निकल आए। आसपास के जिलों में भी लोग भूकंप से घबराकर सड़कों पर आ गए। कुछ घंटों के अंदर कई राज्यों की धरती डोलने की वजह से देशभर में दहशत है।
Advertisement
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 17 February 2025 at 11:15 IST