अपडेटेड 18 May 2024 at 15:21 IST
विभव के अरेस्ट होने के बाद स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन ने उठाई मांग- केजरीवाल भी हों गिरफ्तार
स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जयहिंद कहते हैं कि अपराधी को शरण देने के आरोप में CM को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। पूरे मामले के मास्टरमाइंड केजरीवाल हैं।
- भारत
- 3 min read

Swati Maliwal Case: राज्यसभा सांसद और डीसीडब्ल्यू की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल पर कथित हमले को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन ले लिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीएस विभव कुमार गिरफ्तार किए जा चुके हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री आवास से विभव कुमार की गिरफ्तारी हुई। हालांकि स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जयहिंद मांग कर रहे हैं कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी होनी चाहिए। नवीन जयहिंद पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड केजरीवाल को बता रहे हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास से केजरीवाल के करीबी विभव कुमार की अरेस्टिंग के बाद स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जयहिंद ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 'दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री के पीएस, जो दुशासन (विभव कुमार) था, जिसने स्वाति मालीवाल के साथ हरकत की थी। उसे मुख्यमंत्री के आवास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी वहां से हुई है, जहां मुख्यमंत्री ने ये घटना करवाई थी। अपराधी को शरण देने के आरोप में मुख्यमंत्री को भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इस पूरे मामले के मास्टर माइंड सीएम अरविंद केजरीवाल हैं।'
'केजरीवाल के खिलाफ FIR होनी चाहिए'
स्वाति मालीवाल पर कथित हमले के बाद से पूर्व पति नवीन जयहिंद उनके समर्थन में खड़े हैं। बुधवार को एएनआई से बातचीत में नवीन जयहिंद ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल का घर सीएम हाउस नहीं है, बल्कि वास्तव में "गटर हाउस" है। उन्होंने कहा- ‘आप उसे सीएम हाउस कहते हैं, वो वास्तव में एक गटर हाउस है। ये एक खतरनाक घटना है। ये बहुत बड़ा स्कैंडल है। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए, क्योंकि उनके घर पर ये हुआ। जिसने भी ये किया है उसे ऐसा नहीं करना चाहिए था।’
Advertisement
नवीन ने स्वाति की जान को बताया था खतरा
पिछले दिनों नवीन जयहिंद ने यहां तक दावा किया कि स्वाति की जान खतरे में है, क्योंकि उसे धमकी दी गई है। उन्होंने कहा कि 'कोई भी इस तरह पुलिस को फोन नहीं करेगा या पुलिस स्टेशन से वापस नहीं आएगा।' नवीन जयहिंद ने गंभीर आरोप लगाते हुए ये भी कहा कि उसे (स्वाति मालीवाल) चुप कराया जा रहा है। ये मेरा निजी मामला नहीं है। उन्होंने आगे गृह मंत्रालय, दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की चुप्पी पर सवाल उठाया।
यह भी पढ़ें: स्वाति मालीवाल कांड: विभव की सीएम आवास से गिरफ्तारी पर घिरे केजरीवाल, बीजेपी बोली-सीधा गुंडों को संदेश...
Advertisement
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 18 May 2024 at 15:15 IST