अपडेटेड 16 March 2026 at 21:37 IST
Aadhaar Card Update Rules: सावधान! आधार कार्ड में बार-बार नहीं होगा ये बदलाव, UIDAI ने तय की अपडेट की लिमिट
Aadhaar Card Update Rules: आधार कार्ड में हर जानकारी बार-बार नहीं बदली जा सकती। UIDAI ने नाम, जन्मतिथि और जेंडर अपडेट करने के लिए सख्त सीमाएं तय की हैं।
- भारत
- 3 min read

Aadhaar Card Update Rules: आधार कार्ड आज के समय में सिर्फ एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि हमारी डिजिटल पहचान का सबसे अहम हिस्सा है। देश की लगभग 90 प्रतिशत आबादी का पहचान पत्र आधार कार्ड ही है। ऐसे में कई बार लोग अपने आधार कार्ड में फोटो, मोबाइल नंबर, एड्रेस या अन्य जानकारी अपडेट करवाते रहते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आधार में अपनी मर्जी से बार-बार बदलाव करना आपको मुश्किल में डाल सकता है?
UIDAI ने स्पष्ट कहा है कि आधार की कुछ मुख्य जानकारियों को अपडेट करने की एक निश्चित सीमा है, जिसे पार करने के बाद सुधार नहीं हो सकता है। इसलिए आधार में किसी भी तरह का बदलाव करवाते समय पूरी सावधानी बरतना जरूरी है।
आधार अपडेट का जरूरी नियम
अक्सर लोग अनजाने में या छोटी गलतियों की वजह से बार-बार आधार अपडेट करवाते हैं। लेकिन, UIDAI के अपडेटेड नियमों के अनुसार-
- नाम (Name): आप अपने पूरे जीवनकाल में आधार में अपना नाम केवल दो बार ही बदल सकते हैं। इसमें शादी के बाद सरनेम बदलना या स्पेलिंग सुधारना शामिल है। इसके लिए नाम का प्रमाण (पासपोर्ट, पैन, या राजपत्र अधिसूचना) जरूरी है, जो ऑनलाइन (myAadhaar पोर्टल) या ऑफलाइन (आधार केंद्र) जमा किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में 50 रुपये का शुल्क लगता है और 15-30 दिन का समय लग सकता है।
- जन्मतिथि (DOB): इसे अपडेट करने का मौका केवल एक बार मिलता है। यदि आपसे एक बार गलती हो गई, तो दोबारा सुधार के लिए आपको क्षेत्रीय कार्यालय (Regional Office) के चक्कर काटने पड़ सकते हैं।
- लिंग (Gender): आधार कार्ड में दर्ज जेंडर की जानकारी को भी बार-बार बदलने की अनुमति नहीं है। इसमें भी सुधार का मौका जीवन में सिर्फ एक बार ही दिया जाता है।
पता और मोबाइल नंबर को राहत
जहां मुख्य पहचान विवरणों पर पाबंदी है, वहीं एड्रेस और मोबाइल नंबर को लेकर नियम आसान हैं। चूंकि लोग अक्सर घर बदलते हैं या फोन नंबर बदलते रहते हैं, इसलिए आधार में पता अपडेट करने की कोई सीमा नहीं है। आप जितनी बार चाहें अपना पता बदल सकते हैं। इसी तरह बायोमेट्रिक्स (फोटो, फिंगरप्रिंट) को भी आवश्यकतानुसार अपडेट कराया जा सकता है, जिसके लिए आपको आधार सेंटर जाना होगा।
Advertisement
14 जून 2026 तक मुफ्त अपडेट का मौका
बता दें, UIDAI ने उन लोगों के लिए एक बड़ी राहत दी है जिनका आधार 10 साल से पुराना हो गया है। 'माय आधार' (myAadhaar) पोर्टल के जरिए पहचान के प्रमाण और पते के प्रमाण के दस्तावेजों को मुफ्त में ऑनलाइन अपडेट करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 14 जून 2026 तक कर दिया गया है। इसके बाद अपडेट करने पर आपको निर्धारित शुल्क देना होगा।
अगर सीमा खत्म हो जाए तो क्या करें?
अगर आपने अपनी अपडेट लिमिट पार कर ली है और फिर भी कोई जरूरी सुधार बाकी है, तो यह एक 'अपवाद' (Exception) मामला माना जाता है। ऐसे में आपको नजदीकी आधार नामांकन केंद्र पर जाकर आवेदन करना होगा और फिर अपने दस्तावेजों के साथ UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय को ईमेल या डाक के जरिए संपर्क करना होगा। इसके बाद उचित जांच और वाजिब कारण होने पर ही विशेष अनुमति के तहत सुधार किया जाता है।
Advertisement
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 16 March 2026 at 21:37 IST