महाकुंभ से लौट रहे 9 लोगों की मध्य प्रदेश में दो सड़क दुर्घटनाओं में मौत

मध्यप्रदेश के जबलपुर और मैहर जिलों में मंगलवार सुबह दो सड़क दुर्घटनाओं में प्रयागराज में महाकुंभ से लौट रहे नौ लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
9 people returning from Mahakumbh died in two road accidents in Madhya Pradesh
9 people returning from Mahakumbh died in two road accidents in Madhya Pradesh | Image: X

मध्यप्रदेश के जबलपुर और मैहर जिलों में मंगलवार सुबह दो सड़क दुर्घटनाओं में प्रयागराज में महाकुंभ से लौट रहे नौ लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त किया और लोगों से अपील की कि वे ऐसे स्थानों की यात्रा करते समय खुद को जरूरत से ज्यादा न थकाएं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे अपने वाहन चालकों को इस तरह की दुर्घटनाओं से बचने के लिए पर्याप्त आराम और नींद लेने का मौका दें।

जिलाधीश दीपक कुमार सक्सेना ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जबलपुर के सिहोरा कस्बे के पास सुबह करीब 8.30 बजे सीमेंट से लदे एक ट्रक ने एक मिनी बस को टक्कर मार दी, जिससे प्रयागराज (उत्तर प्रदेश में) से आंध्र प्रदेश लौट रहे यात्री वाहन में सवार सात लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि मिनी बस में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि ट्रक गलत दिशा से हाइवे पर जा रहा था, जिससे यह दुर्घटना हुई।

उन्होंने बताया कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य मिनी बस के अंदर फंस गए। कलेक्टर और जबलपुर के पुलिस अधीक्षक बाद में दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मिनी बस के पीछे चल रहा एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) भी उसी ट्रक से टकरा गया, लेकिन उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए।

Advertisement

मुख्यमंत्री यादव ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों को हरसंभव मदद मुहैया कराने और पार्थिव शरीर को आंध्र प्रदेश ले जाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

नादान देहात थाना प्रभारी के.एन. बंजारे ने बताया कि मैहर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 पर कंचनपुर गांव के पास सुबह करीब चार बजे एक अज्ञात वाहन ने एक एसयूवी को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।

Advertisement

उन्होंने बताया कि एसयूवी सवार लोग प्रयागराज में महाकुंभ से इंदौर लौट रहे थे। अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को अमरपाटन में प्रारंभिक उपचार के बाद सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मंजू शर्मा (32) और मनोज विश्वकर्मा (42) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके।

Published By:
 Ritesh Kumar
पब्लिश्ड