दिल्ली में घने कोहरे के कारण 51 ट्रेन विलंबित, कई उड़ानों के समय में बदलाव

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह घना कोहरा छाए रहने और दृश्यता शून्य होने के कारण 51 ट्रेन विलंब से चल रही हैं और कई उड़ानों के समय में बदलाव किया गया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
The way for train service to Kashmir to begin in January of next year.
प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: Screengrab of the Video

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह घना कोहरा छाए रहने और दृश्यता शून्य होने के कारण 51 ट्रेन विलंब से चल रही हैं और कई उड़ानों के समय में बदलाव किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पालम में भारतीय समयानुसार सुबह चार बजे से 7.30 बजे तक शून्य दृश्यता रही, लेकिन 8-13 किमी प्रति घंटे की गति से पुरवैया हवाएं भी चलीं।’’

अधिकारी ने कहा कि शनिवार के नौ घंटे की शून्य दृश्यता की तुलना में, रविवार को पालम में शून्य दृश्यता की अवधि 3.5 घंटे रही, जो अपेक्षाकृत कम है।

आईएमडी ने कहा कि शहर में अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य औसत से 0.7 डिग्री कम है और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के दौरान सापेक्षिक आर्द्रता 83 से 95 प्रतिशत के बीच रही।

Advertisement

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए आसमान में बादल छाए रहने और सुबह गरज के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। सुबह के समय हवा के चार किमी प्रति घंटे से कम गति से दक्षिण-पूर्व से चलने की उम्मीद है।

सोमवार को अधिकांश स्थानों पर धुंध और मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है, सुबह के समय कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के क्रमश: 18 और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

Advertisement

हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 339 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।

एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

Published By:
 Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड