अपडेटेड 8 August 2024 at 21:53 IST
मणिपुर में अफीम की अवैध खेती को लेकर सात साल में 412 प्राथमिकी दर्ज, 87 लोग गिरफ्तार: मुख्यमंत्री
Manipur: राज्य में अफीम की अवैध खेती के संबंध में पिछले सात वर्ष में 412 प्राथमिकी दर्ज की गईं।
- भारत
- 2 min read

Manipur: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने विधानसभा को बृहस्पतिवार को बताया कि राज्य में अफीम की अवैध खेती के संबंध में पिछले सात वर्ष में 412 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 87 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस विधायक टी. लोकेश्वर के एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि 2017 से 2024 के बीच कुल 16,788 एकड़ क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती को नष्ट किया गया।
सिंह ने एक लिखित जवाब में कहा, ‘‘2017 से 2024 तक अफीम की अवैध खेती के संबंध में 412 प्राथमिकी दर्ज की गईं। जनवरी 2017 से जुलाई 2024 तक 16 ग्राम प्रधानों सहित 87 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।’’
उन्होंने कांग्रेस विधायक के. रंजीत द्वारा अभियान निलंबन (एसओओ) समझौते पर उठाए गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि इस वर्ष 29 फरवरी से समझौते को आगे नहीं बढ़ाया गया है।
Advertisement
सिंह ने कहा, ‘‘एसओओ केंद्र सरकार, मणिपुर सरकार और कई कुकी उग्रवादी समूहों के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता है। उग्रवादी समूहों की अवांछित गतिविधियों को देखने के बाद राज्य मंत्रिमंडल (मार्च 2023 में) समझौते से पीछे हट गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह निर्णय केंद्र सरकार को भी भेजा गया था और तब से समझौते को आगे नहीं बढ़ाया गया है।’’
Advertisement
इस समझौते पर केंद्र, मणिपुर सरकार और कुकी उग्रवादी संगठनों के दो समूहों - ‘कुकी नेशनल ऑर्गेनाइजेशन’ (केएनओ) और ‘यूनाइटेड पीपुल्स फ्रंट’ (यूपीएफ) ने हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते पर 2008 में हस्ताक्षर किए गए थे और उसके बाद समय-समय पर इसे बढ़ाया जाता रहा।
एसओओ समझौते के तहत आधारभूत नियमों के पालन की निगरानी के लिए केंद्रीय और राज्य सरकार की एजेंसियों, केएनओ और यूपीएफ के प्रतिनिधियों वाला एक संयुक्त निगरानी समूह (जेएमजी) गठित किया गया था।
सिंह ने कहा, ‘‘एसओओ शांति स्थापना के लिए केंद्र सरकार का कदम है और मणिपुर सरकार इसमें ज्यादा हस्तक्षेप नहीं कर सकती।’’
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 8 August 2024 at 21:53 IST