अपडेटेड 29 June 2025 at 14:29 IST
तीनों रथ के सामने से गुजरते समय फोन..., पुरी में भगदड़ के दौरान 3 की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट, DM ने श्रद्धालुओं से की ये अपील
पुरी में रथ यात्रा के दौरान हुई भगदड़ के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। DM ने यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से खास अपील की है। मंदिर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
- भारत
- 4 min read

ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा के दौरान रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गुंडिचा मंदिर के सामने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। छुट्टी के दिन होने की वजह से श्रद्धालुओं का जमावड़ा बड़ी संख्या में हो गई। प्रशासन भीड़ को काबू करने में विफल रही है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हादसे पर दुख जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। वहीं, घटना के बाद पुरी DM ने रथ यात्रा में शामिल होने वाले लोगों से खास अपील की है।
रविवार को अहले सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भगवान जगन्नाथ के रथ के दर्शन के लिए उमड़ी थी। गुंडिचा मंदिर के सामने उसी दौरान धक्का-मुक्की हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। भगदड़ में तीन लोगों की मौत हो गई है। घटना के वक्त मौजूद लोगों ने बताया कि प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था ठीक से नहीं की गई थी। निकास और प्रवेश द्वारा एक ही होने की वजह से भीड़ को काबू करना मुश्किल हो गया।
CM माझी ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
भगदड़ की घटना पर दुख जताते हुए CM मोहन चरण माझी ने ट्वीट किया, व्यक्तिगत रूप से, मेरी सरकार और मैं सभी जगन्नाथ भक्तों से क्षमा मांगते हैं। हम अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं... यह लापरवाही अक्षम्य है। सुरक्षा चूक की तत्काल जांच की जाएगी, और मैंने निर्देश दिया है कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
घटना की जांच जारी है-DGP
ओडिशा के DGP वाई.बी. खुरानिया ने बताया, श्रद्धालुओं का जमावड़ा भारी संख्या में है और भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यह विगत वर्षों की तुलना में बहुत ज्यादा है। सुबह के समय में जो घटना घटी है, उसकी जांच की जा रही है। क्यों हुआ, कैसे हुआ, क्या कारण रहा है, सभी तथ्यों को उजागर किया जाएगा।
Advertisement
DM ने श्रद्धालुओं से की ये अपील
पुरी DM सिद्धार्थ शंकर स्वैन ने कहा, रविवार के कारण भक्तों की काफी भीड़ है। आज अतिरिक्त लोगों को तैनात किया गया है। सभी से अनुरोध है कि श्रृंखलित तौर पर दर्शन करें। तीनों रथ के सामने से गुजरते समय फोन का उपयोग न करें। अच्छे से दर्शन करें और धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहें। आज लगभग 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, 12 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है और 3 लोगों की मृत्यु हुई है। उनके पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
2 महिला और एक पुरुष की मौत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने की कोशिश की। लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि यातायात और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। अगर पहले से व्यवस्था होती तो ऐसा घटना नहीं होती। तीनों मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। भगदड़ में 2 महिला और एक पुरुष की मौत हुई है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
Advertisement
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 29 June 2025 at 14:29 IST