अपडेटेड 11 February 2024 at 21:48 IST
सोलन के कारखाने में भीषण आग लगने के 9 दिन बाद मिली 2 और लाशें, 3 लोग अब भी लापता
सोलन स्थित एक कारखाने से रविवार को दो और शव बरामद किए गए, जहां नौ दिन पहले भीषण आग लग गई थी।
- भारत
- 2 min read

हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित एक कारखाने से रविवार को दो और शव बरामद किए गए, जहां नौ दिन पहले भीषण आग लग गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन लापता श्रमिकों की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि दो और शव बरामद किए जाने के बाद हिमाचल प्रदेश के बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में इत्र बनाने के कारखाने में हुई घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि घटना के दौरान ढह गए कारखाने के कुछ हिस्सों के मलबे को लापता श्रमिकों को तलाशने के लिए हटाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस सहित कई एजेंसियों के कर्मी तलाशी अभियान और बड़े पैमाने पर फैले रसायनों को साफ करने में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों शव कारखाने की दूसरी मंजिल से बरामद किये गये, जिन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए नालागढ़ सिविल अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शवों की पहचान डीएनए मिलान के जरिए की जाएगी।
बद्दी की पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज ने शवों की बरामदगी की पुष्टि करते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कारखाना परिसर से भारी मात्रा में रसायन निकाले जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के अलावा प्रदूषण, सार्वजनिक निर्माण और स्वास्थ्य विभाग के कर्मी भी अभियान में लगे हुए हैं।
दो फरवरी को ‘एन.आर. अरोमास’ कंपनी में लगी आग के सिलसिले में दो लोगों - कंपनी के प्रमुख चंद्रशेखर और विनोद बिलवा को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में 37 लोग घायल भी हुए थे।
Advertisement
(PTI की इस खबर में सिर्फ हेडिंग में बदलाव किया है)
Advertisement
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 11 February 2024 at 21:48 IST