Uttam Kumar At 100: पिता के कारण सिनेमा की तरफ बढ़ा रुख, जन्म शताब्दी पर पीएम मोदी के नमन करते ही गूगल पर छा गए महानायक उत्तम कुमार

Uttam Kumar At 100: गत 30 अगस्त 2026 को रेडियो कार्यक्रम मन की बात में जैसे ही पीएम मोदी ने अभिनेता उत्तम कुमार का जिक्र किया वैसे ही गूगल के साथ पूरे सोशल मीडिया में यह नाम सर्च किया जाने लगा।

uttam kumar pm modi
uttam kumar pm modi | Image: X

Uttam Kumar At 100: गत 30 अगस्त 2026 को रेडियो कार्यक्रम मन की बात में जैसे ही पीएम मोदी ने अभिनेता उत्तम कुमार का जिक्र किया वैसे ही गूगल के साथ पूरे सोशल मीडिया में यह नाम सर्च किया जाने लगा। गौरतलब है कि उत्तम कुमार को दुनिया से अलविदा कहे 46 वर्ष हो चुके हैं। इस कारण आज की पीढ़ी तो उनके नाम और काम से पूरी तरह अंजान है। अब आज 3 सितंबर 2026 को उनकी जन्म शताब्दी है यानि उनके जन्म को अब 100 साल पूरे हो चुके हैं। 

कोलकाता में 3 सितंबर 1926 को उनका जन्म हुआ था। हालांकि जन्म के वक्त उत्तम कुमार की माँ चपला देवी ने उनका नाम अरुण कुमार रखा था। लेकिन बाद में फिल्मों में वह उत्तम कुमार के नाम से प्रसिद्ध होने लगे तो उन्होंने अपना नाम बदलकर उत्तम कुमार कर दिया था। 

पिता के कारण सिनेमा की तरफ बढ़ा रुख 

बता दें कि उत्तम कुमार के पिता सत्कारी चट्टोपाध्याय कोलकाता के मेट्रो सिनेमा में प्रोजेक्टर चलाते थे। इसी कारण बचपन से ही उनका रुख फिल्मों की तरफ बढ़ने लगा। महज 5 वर्ष की आयु में स्कूल के दौरान उन्होंने नाटक करना शुरू कर दिया था। 

बांग्ला सिनेमा के थे महानायक

गौरतलब है कि उत्तम कुमार को बांग्ला सिनेमा में महानायक का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने अपने करियर में ‘अग्निपरीक्षा’, ‘हारानो सुर’, ‘सप्तपदी’, ‘नायक’, ‘चिड़ियाघर’ और ‘चौरंगी’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में दी। 

Advertisement

पीएम मोदी ने किया नमन 

बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार को पीएम मोदी ने पहले अगस्त के महीने की ‘मन की बात’ कार्यक्रम में याद किया। फिर अब आज उनकी जन्म शताब्दी पर भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा कि महानायक उत्तम कुमार की सदाबहार अदाकारी हर पीढ़ी के लोगों को जोड़ती है। प्रधानमंत्री ने गुरुवार को ‘एक्स’ पर लिखा, “महानायक उत्तम कुमार, एक ऐसे दिग्गज कलाकार जिनकी सदाबहार अदाकारी आज भी अलग-अलग पीढ़ियों के लोगों को जोड़ती है। उनकी जन्म-शताब्दी पर श्रद्धांजलि।”

अपने अभिनय से लोगों के दिलों में रच-बस गए

इस दौरान, पीएम मोदी ने पिछले रविवार (30 अगस्त) ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उनके बारे में जो कहा था, उसे भी शेयर किया। ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 137वीं कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तम कुमार को याद किया था। उन्होंने कहा, “उत्तम कुमार एक बहुमुखी प्रतिभा वाले अभिनेता थे, जो अपने अभिनय से लोगों के दिलों में रच-बस गए। फिल्म प्रेमियों का मानना है कि सत्यजीत रे ने फिल्म ‘नायक- द हीरो’ की पूरी स्क्रिप्ट महानायक उत्तम कुमार को ध्यान में रखकर लिखी थी। सत्यजीत रे ने कहा था कि उनमें प्रतिष्ठा के साथ-साथ अद्भुत भावनात्मक गहराई भी था। किरदार को वो जीवंत बनाने के लिए बहुत मेहनत करते थे।”

Advertisement

कभी भी हार न मानने की बड़ी सीख मिलती है 

पीएम मोदी ने आगे कहा, “उत्तम कुमार के जीवन से कभी भी हार न मानने की एक और बड़ी सीख भी मिलती है। उनकी शुरुआती फिल्में बहुत नहीं चलीं, लेकिन उन्होंने अपने काम पर फोकस बनाए रखा। इसी का परिणाम था कि उन्होंने इतनी ऊंचाई हासिल की।” एक वाकया बताते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मुझे ध्यान है कि जब मैं कोलकाता में रोड शो कर रहा था, तो मैं उत्तम कुमार के घर के सामने से भी गुजरा था। वहां मुझे एक व्यक्ति ने उनकी एक तस्वीर भी भेंट की थी। मैं एक बार फिर महानायक उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वे हमेशा हम सब के दिलों पर राज करते रहेंगे। 

इसे भी पढ़ें- Bollywood This Week: इस हफ्ते रिलीज होगी 2 बॉलीवुड फिल्में

Published By:
 Kritarth Sardana
पब्लिश्ड