साउथ सुपरस्टार Thalapathy Vijay ने एक्टिंग करियर से किया संन्यास का ऐलान, 'जन नायकन' होगी आखिरी फिल्म
तमिल सुपरस्टार थलापति विजय ने एक्टिंग करियर से संन्यास का ऐलान कर अपने लाखों फैंस को मायूस कर दिया। उन्होंने अपने इस फैसले के पीछे की वजह भी बताई।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Thalapathy Vijay: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय ने एक्टिंग करियर से संन्यास लेने का ऐलान कर अपने सैंकड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया है। उन्होंने 33 साल के फिल्मी सफर के बाद फिल्मों को अलविदा कहने का फैसला किया।
तमिल एक्टर विजय अपनी अपकमिंग फिल्म 'जन नायकन' को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी ये फिल्म अगले साल थिएटर्स में दस्तक देगी। इससे पहले 27 दिसंबर को 'जन नायकन' का ऑडियो लॉन्च इवेंट मलेशिया में होस्ट हुआ, जहां एक्टर भावुक नजर आए।
विजय की आखिरी फिल्म होगी 'जन नायकन'
इस दौरान विजय ने बताया कि 'जन नायकन' उनकी आखिरी फिल्म होगी। इसके बाद वह पूरी तरह राजनीति पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि जनता के लिए खड़े होने के लिए उन्होंने सिनेमा छोड़ने का निर्णय किया है। फैंस ने उन्हें सब दिया, यहां तक कि एक 'कोट्टई' (किला या गढ़) भी।
क्यों सिनेमा छोड़ रहे सुपरस्टार?
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब मैंने सिनेमा में कदम रखा था, तब मुझे लगा कि मैं रेत का छोटा सा घर बना रहा हूं। लेकिन आप सभी ने मेरे लिए एक महल खड़ा कर दिया। फैंस ने किला बनाने में मेरा साथ दिया। ऐसे में मैंने इन्हीं फैंस के लिए खड़ा होने का फैसला लिया है। जिन फैंस ने मेरे लिए त्याग किया, उनके लिए मैं सिनेमा छोड़ रहा हूं। मैं अगले 30 से 33 साल उनके लिए खड़ा रहना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि 33 साल के करियर में मिले प्यार और समर्थन को वो कभी नहीं भूल पाएंगे।
Advertisement
10 साल की उम्र में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाले थलापति विजय अब 51 साल के हैं। उन्होंने पिछले साल अपनी राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम बनाई थी। अब उनकी पार्टी आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव भी लड़ने की तैयारी में है। अब इसी क्रम में उन्होंने फिल्मी करियर छोड़ने और राजनीति पर फोकस करने का ऐलान किया।
'जन नायकन' कब होगी रिलीज?
थलापति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसका निर्देशन एच. विनोद ने किया है। फिल्म में बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, प्रकाश राज, ममिता बैजू, नारायण जैसे कलाकार नजर आएंगे।