Published 00:04 IST, June 12th 2024

हत्या के मामले में कन्नड़ फिल्म अभिनेता दर्शन गिरफ्तार, छह दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया

लोकप्रिय कन्नड़ फिल्म अभिनेता दर्शन थूगुदीप और उनकी करीबी दोस्त एवं अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा को एक व्यक्ति की हत्या के सिलसिले में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

Follow: Google News Icon
  • share
कन्नड़ फिल्म अभिनेता दर्शन गिरफ्तार | Image: ANI
Advertisement

लोकप्रिय कन्नड़ फिल्म अभिनेता दर्शन थूगुदीप और उनकी करीबी दोस्त एवं अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा को एक व्यक्ति की हत्या के सिलसिले में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, अभिनेता ने कथित तौर पर एक व्यक्ति की हत्या कर दी, जिसने उनके करीबी दोस्त के खिलाफ ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी की थी।

Advertisement

दर्शन और 12 अन्य लोगों को आज हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ की और बाद में उन्हें रेणुकास्वामी नामक व्यक्ति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। रेणुकास्वामी का शव यहां नौ जून को बरामद किया गया था।

दर्शन और पवित्रा को बेंगलुरु की मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

Advertisement

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोप है कि एक फार्मा कंपनी में काम करने वाले रेणुकास्वामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में फिल्म अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा के खिलाफ कुछ अश्लील टिप्पणी की थी।

'करिया', 'क्रांतिवीरा सांगोली रायन्ना', 'कलसीपल्या', 'गज', 'नवग्रह', 'सारथी', 'बुलबुल', 'यजमान', 'रॉबर्ट' और 'काटेरा' सहित कई सफल फिल्मों में अभिनय कर चुके 47 वर्षीय अभिनेता दर्शन को नौ जून को मैसूर के एक होटल से उस समय हिरासत में लिया गया था, जब वह जिम में कसरत करने के बाद बाहर निकल रहे थे।

Advertisement

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दर्शन के एक सहयोगी के शेड में रेणुकास्वामी की कथित तौर पर हत्या के बाद शव कामाक्षीपाल्या में एक नाले में फेंक दिया गया। यह शेड कामाक्षीपाल्या पुलिस थाने की सीमा के अंतर्गत पट्टानागेरे क्षेत्र में है।

बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी. दयानंद ने कहा, ‘‘अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने और उसके शरीर पर चोटों के निशान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान रेणुकास्वामी के रूप में हुई है।’’

Advertisement

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस को शव के बारे में सूचना दी, जिसे बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और फॉरेंसिक रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि उसकी हत्या की गई थी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आगे की जांच में 11 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके बयान के आधार पर दर्शन और पवित्रा को हिरासत में ले लिया गया।

Advertisement

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या अभिनेता सीधे तौर पर हत्या में शामिल था या साजिश का हिस्सा था।’’

रेणुकास्वामी के माता-पिता उनकी हत्या की खबर सुनकर शोक में हैं। उनके पिता श्रीनिवासैया ने कामाक्षीपाल्या पुलिस थाने में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ वह मेरा इकलौता बेटा था। पिछले साल ही उसकी शादी हुई थी। मैंने शनिवार को ही उससे बात की थी। मुझे अपने बेटे के लिए न्याय चाहिए।’’

इससे पहले, दिन में कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि पुलिस दर्शन के खिलाफ जांच कर रही है।

परमेश्वर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘चित्रदुर्ग के एक व्यक्ति की बेंगलुरु में हत्या कर दी गई थी। उस हत्या के सिलसिले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, और उनसे पूछताछ के दौरान दर्शन का नाम आया है, इसलिए उन्हें पूछताछ के लिए लाया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता। वह (दर्शन) इसमें शामिल हैं या नहीं। हत्या का कारण क्या है। उनका नाम क्यों आया? ये सब बातें जांच के बाद ही पता चलेंगी।’’

साल 2002 में 'मैजेस्टिक' फिल्म में मुख्य अभिनेता के तौर पर अभिनय क्षेत्र में कदम रखने वाले अभिनेता दर्शन के घर पर पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है।

00:04 IST, June 12th 2024