अपडेटेड 14 December 2024 at 08:02 IST

Allu Arjun Released: एक्टर अल्लू अर्जुन हुए रिहा, जमानत मिलने के बाद जेल में कटी रात

Allu Arjun Released: हैदराबाद भगदड़ में हुई महिला की मौत के मामले में गिरफ्तार अल्लू अर्जुन को रिहा कर दिया गया है।

Follow : Google News Icon  
Allu Arjun was arrested in connection with a stampede case on December 13
Allu Arjun was arrested in connection with a stampede case on December 13 | Image: X

Allu Arjun Released: हैदराबाद भगदड़ (Hyderabad Stampede) में हुई महिला की मौत के मामले में अल्लू अर्जुन रिहा (Allu Arjun Released) हो गए हैं। हैदराबाद के चंचलगुड़ा सेंट्रल जेल में एक्टर के पिता और ससुर उन्हें लेने पहुंचे।

दरअसल, हैदराबाद के संध्या थिएटर में मची भगदड़ में महिला की मौत के मामले में अल्लू अर्जुन को 13 दिसंबर की दोपहर तेलंगाना पुलिस (Telangana Police) ने उनके घर से गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें लोअर कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। हालांकि देर शाम उन्हें इस मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। इसके बावजूद उन्हें शुक्रवार की रात जेल में बितानी पड़ी। 

अल्लू अर्जुन की रिहाई में देरी पर वकील ने की आलोचना

सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की रिहाई में देरी को लेकर एक्टर के वकील अशोक रेड्डी ने हैदराबाद जेल के अधिकारियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट से आदेश प्रति मिलने के बावजूद एक्टर को रिहा नहीं किया गया। उन्हें इसका जवाब देना होगा। यह अवैध हिरासत है। हम कानूनी कार्रवाई करेंगे। फिलहाल उन्हें (अल्लू अर्जुन) रिहा कर दिया गया है। 

खैर, एक्टर के जेल से बाहर आने की खबर से उनके फैंस में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। एक्टर की गिरफ्तारी की के बाद से ही उनके चाहनेवाले मायूस हो गए थे और तभी से उनके जेल से बाहर आने की उम्मीद लगाए बैठे थे। 

Advertisement

'पत्नी की मौत के लिए एक्टर जिम्मेदार नहीं'

वहीं थिएटर में जान गंवाने वाली महिला रेवती के पति भास्कर ने शुक्रवार, 13 दिसंबर को कहा था कि इसमें अल्लू अर्जुन की कोई गलती नहीं है। वह अपनी पत्नी की मौत के लिए एक्टर को जिम्मेदार नहीं मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस घटना के संबंध में दर्ज कराया गया अपना मामला ‘वापस लेने के लिए तैयार’ हैं।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अल्लू अर्जुन का थिएटर में आना गलत नहीं है। मैं अपना केस वापस लेने के लिए तैयार हूं। मृतक महिला के पति भास्कर ने आगे बताया कि पुलिस ने उन्हें अर्जुन की गिरफ्तारी के बारे में कोई सूचना नहीं दी थी। एक्टर की गिरफ्तारी की जानकारी भी उन्हें खबरों के जरिये मिली।

Advertisement

क्या है पूरा मामला, जिस वजह से हुई गिरफ्तारी?

पूरा मामला 4 दिसंबर का है। पुष्पा 2 की स्क्रीनिंग रखी गई थीं। हैदराबाद के संध्या थिएटर में रात 9.30 बजे ‘पुष्पा 2’ का प्रीमियर शो लगा था। सुकुमार द्वारा निर्देशित फिल्म देखने के लिए फैंस की भारी भीड़ जमा हो गई थी। यहां दिलसुखनगर की रहने वाली रेवती (39) नाम की एक महिला अपने बच्चों के साथ फिल्म देखने पहुंची थीं।

इस दौरान फैंस से मिलने के लिए पुष्पा स्टार अल्लू अर्जुन भी थिएटर पहुंच गए। एक्टर को वहां देखते ही फैंस बेकाबू हो गए। हर कोई उनकी एक झलक पाना चाह रहा था। इसी दौरान हालात बिगड़ गए और वहां भगदड़ मच गई। भगदड़ में कई लोग चोटिल हुए। इस दौरान रेवती भी बेहोश हुई। उसे तुरंत दुर्गाभाई देशमुख अस्पताल ले जाया गया जहां महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं, उसके बेटे को भी एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसका इलाज जारी है।

अल्लू अर्जुन को सशर्त जमानत

हैदराबाद पुलिस ने महिला की मौत के मामले में शुक्रवार, 13 दिसंबर की सुबह अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, बाद में तेलंगाना हाईकोर्ट ने उन्हें सशर्त चार सप्ताह की अंतरिम जमानत दे दी। कोर्ट ने एक्टर को 50 हजार रुपये का निजी बॉड भरने और जांच में पूरा सहयोग करने की शर्त के साथ अंतरिम जमानत दी।

यह भी पढ़ें: 'सेफ्टी जरूरी, लेकिन सिर्फ एक्टर जिम्मेदारी नहीं ले सकते', Allu Arjun के सपोर्ट में उतरे वरुण धवन

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 14 December 2024 at 06:46 IST