Sabyasachi Mangalsutra के साथ ये ऐड भी चढ़े विवाद के भेंट, डाबर से लेकर फैब इंडिया तक देखें लिस्ट
कई बड़े ब्रांड को विवाद का सामना करना पड़ा। मान्यवर हो या डाबर बड़ी-बड़ी कंपनियों को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

वैसे तो विज्ञापनों को लेकर विवाद कोई नई बात नहीं है। हाल ही में सब्यसाची (Sabyasachi) के मंगलसूत्र ऐड को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। इस विज्ञापन को दर्शाने के तरीके पर लोगों ने आपत्ति जताई है। इससे पहले भी कई विज्ञापनों पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगे थे।
कई बड़े ब्रांड को विवाद का सामना करना पड़ा। मान्यवर हो या डाबर बड़ी-बड़ी कंपनियों को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। आखिरकार कंपनी को इन विवादित विज्ञापनों को हटाना पड़ा और स्पष्टीकरण भी जारी करना पड़ा। नीचे देखिए किन विज्ञापनों का विरोध का सामना करना पड़ा।
सब्यसाची मंगलसूत्र
प्रसिद्ध डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी को हाल ही में अपने एक विज्ञापन की वजह से लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। मंगलसूत्र के विज्ञापन को दिखाने के तरीके पर सोशल मीडिया में इसकी कड़ी आलोचना की। इसके बाद आखिरकार सब्यसाची को विज्ञापन हटाना पड़ा।
डाबर
डाबर के समलैंगिक जोड़े के विज्ञापन को लेकर खूब बवाल मचा था, जिसके बाद कंपनी को विज्ञापन हटाना पड़ा। दरअसल, डाबर ने करवाचौथ पर बनाए विज्ञापन में एक समलैंगिक जोड़े को करवा चौथ मनाते हुए दिखाया, जिसके बाद इसे लेकर लोगों की नाराजगी सोशल मीडिया के जरिए बाहर आने लगी। इस विज्ञापन में दो महिलाएं एक-दूसरे को छलनी के जरिए देख रही थी फिर उन्हें चांद को देखते हुए फिल्माया गया था। लोगों ने इस पर हिंदू धर्म की मजाक बनाने का आरोप लगाया। कंपनी को आखिरकार विज्ञापन हटाकर स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा।
Advertisement
फैब इंडिया
फैब इंडिया को दिवाली पर जारी किए जाने वाले एक विज्ञापन को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। कंपनी ने आखिरकार इस कैंपेन को वापस लेने का फैसला किया। फैब इंडिया ने ‘जश्न-ए-रिवाज’का इस्तेमाल कर दिवाली को दर्शाते हुए विज्ञापन निकाला था। इसे लेकर लोगों ने इसे दिवाली को विकृत करने का आरोप लगाया था।
मान्यवर
कपड़ों के एक और ब्रांड मान्यवर भी अपने विज्ञापन को लेकर विवादों के घेरे में रहा। मान्यवर के कन्यादान विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की। दरअसल इस विज्ञापन में आलिया भट्ट दुल्हन के रूप में यह कहते हुए दिख रही हैं कि वह कोई दान करने की चीज नहीं है। इसके बाद उन्होंने कहा अब कन्यादान नहीं कन्यामान होगा। यूजर्स ने इस विज्ञापन पर धर्म को टारगेट किए जाने का आरोप लगाया।
Advertisement
तनिष्क
पिछले साल तनिष्क कंपनी का एक विज्ञापन विवाद का शिकार हुआ। इस विज्ञापन पर लव जिहाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया था। दरअसल विज्ञापन में एक हिंदू महिला की मुस्लिम परिवार में शादी के बाद गोद भराई की रस्म को दिखाया गया था। इस ऐड पर लोगों ने विरोध जताया था।
CEAT टायर
CEAT टायर के हाल ही विज्ञापन पर बीजेपी सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने विराध जताया था। इस विज्ञापन में आमिर खान लोगों से सड़क पर पटाखे नहीं फोड़ने की सलाह देते नजर आ रहे थे। इस ऐड पर लोगों ने असंतोष जताया था।
यह भी पढ़ें- भारी विवादों के बीच सब्यसाची ने हटाया मंगलसूत्र का 'आपत्तिजनक' विज्ञापन, कहा- बहुत दुख की बात है कि...