BREAKING: नहीं रहे पंजाबी सिंगर राजवीर जवांदा, कई दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद अस्पताल में निधन
Rajvir Jawanda: मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवांदा का निधन हो गया। 35 साल के सिंगर बाइक एक्सीडेंट के बाद से ही वेंटिलेटर पर थे।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Rajvir Jawanda Passes Away: मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवांदा का निधन हो गया। 35 साल के सिंगर बाइक एक्सीडेंट के बाद से ही वेंटिलेटर पर थे। ये हादसा 27 सितंबर को हुआ था जिसके बाद से उनका इलाज मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था।
बता दें कि राजवीर जवांदा 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मोटरसाइकिल से शिमला जा रहे थे जब रास्ते में उनका भीषण एक्सीडेंट हो गया। इस सड़क दुर्घटना में उनके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
राजवीर जवांदा ने अस्पताल में तोड़ा दम
अब जानकारी सामने आई है कि कई दिनों के इलाज के बाद राजवीर जवांदा को बचाया नहीं जा सका। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने एक्स हैंडल के जरिए राजवीर जवांदा के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सिंगर की फोटो शेयर करते हुए लिखा- “एक युवा और होनहार शख्स के दुखद निधन से दिल टूट गया है। राजवीर जवांदा के परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना। भगवान आपको इस अकल्पनीय समय में शक्ति और शांति प्रदान करे। बहुत जल्दी चले गए, लेकिन कभी भुलाए नहीं जा सकोगे”।
उनके अलावा, मशहूर पंजाबी स्टार हिमांशी खुराना ने भी सोशल मीडिया के जरिए ट्रिब्यूट दिया है।
Advertisement
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने भी एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राजवीर जवांदा के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा- राजवीर जवंदा के असामयिक निधन से बहुत दुखी हूं। वे बहुत जल्दी चले गए, लेकिन उनकी मीठी आवाज पंजाब की हर धड़कन में जिंदा रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और लाखों फैंस के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। वाहेगुरु उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
कई दिनों से लाइफ सपोर्ट पर थे राजवीर जवांदा
कुछ दिन पहले ही अस्पताल प्रशासन ने राजवीर का हेल्थ अपडेट दिया था। उन्होंने बताया था कि सिंगर की हालत नाजुक बनी हुई थी। उन्हें "बेहद गंभीर" हालत में पंजाब के मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल लाया गया था। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सिंगर लगातार लाइफ सपोर्ट पर थे और डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में थे। उनके निधन से दुनियाभर में मौजूद उनके फैंस को करारा झटका लगा है।