अपडेटेड 15 July 2023 at 20:58 IST

“अंतरिक्ष में गूंज उठे हम”, चंद्रयान 3 के सफल लॉन्च पर प्रसून जोशी ने लिखी शानदार पंक्तियां जीत रही लोगों का दिल

चंद्रयान 3 के सफल लॉन्च पर प्रसून जोशी ने भारतीय वैज्ञानिकों को समर्पित एक कविता लिखी है, जो लोगों को पसंद आ रही है।

Follow : Google News Icon  
Prasoon Joshi Poem on Chandrayaan 3:
Prasoon Joshi Poem on Chandrayaan 3: | Image: self

Prasoon Joshi Poem on Chandrayaan 3: 14 जुलाई का दिन भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों से लिखा जाएगा। श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान 3 लॉन्च किया गया। इस उपलब्धि पर भारत की 140 करोड़ से अधिक जनता गर्व महसूस कर रही है। पूरी दुनिया की निगाहें भारत पर है। इस मिशन के सफल लॉन्च पर प्रसिद्ध कवि, लेखक और गीतकार ने एक कविता लिखी है, जो लोगों को काफी पसंद आ रही है। 

खबर में आगे पढ़ें…

  • भारत ने लॉन्च किया ‘चंद्रयान 3’ मिशन
  • प्रसून जोशी ने सफल लॉन्च पर लिखी कविता
  • कविता में भारतीय वैज्ञानिकों को बताया गौरव

जोशी ने लिखी वैज्ञानिकों को समर्पित कविता

प्रसून जोशी अपनी रचनाओं से हमेशा ही लोगों को आकर्षित करते आए हैं। एक बार फिर उनकी लिखी कविता लोगों का दिल जीत रही है। जोशी ने ‘चंद्रयान 3’ के सफल लॉन्च पर वैज्ञानिकों को समर्पित कुछ पंक्तियां लिखी हैं। उन्होंने लिखा-

अंतरिक्ष में गूंज उठे हम 

Advertisement

चंद्रयान का गान लिए 

चांद तिरंगे रंग में रंगा

Advertisement

नयी एक पहचान लिए 

मेरे भारत के वैज्ञानिक 

तुम गौरव हो भारत का 

ऊंचा माथा लिए खड़े हम 

सच्चा एक अभिमान लिए।

चंद्रयान 2 पर भी लिखी थी कविता

ये कविता शेयर करते हुए प्रसून ने इसरो और भारतीय वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं भी दी हैं। लोगों को उनकी ये लिखी कविता बेहद पसंद आ रही है। सोशल मीडिया पर यह पंक्तियां लोग शेयर कर रहे हैं। इससे पहले साल 2019 में भारत ने जब चंद्रयान 2 लॉन्च किया था, उस समय भी प्रसून जोशी ने एक कविता लिखी थी। 

चंद्रयान की टीम ने देखो 

कैसा अदभुत काम किया

युगों युगों से सूत कातती 

अम्मा को आराम दिया 

यही चांद मांगा करता था 

मोटा एक झिंगोला 

इसी चां दा मुंह टेढ़ा था 

यही था वो अलबेला 

अब मय्या से जिद ना करेंगे 

बाल कृष्ण मुसकाएंगे

चंद खिलौना हाथ में लेकर 

लीला नयी रचाएंगे 

और हम भी अब पास से जाकर 

देखेंगे बस घूर के 

और ना कहेंगे चंदा को हम 

चंदा मामा दूर के।

मिशन की लागत 615 करोड़ रुपए

बात करें ‘चंद्रयान 3’ मिशन की तो इसकी कुल लागत केवल 615 करोड़ रुपए है। पूरी दुनिया के वैज्ञानिक और स्पेस एजेंसियां हैरान है कि आखिर भारत ने इतनी कम लागत में कैसे एक चंद्रमा अभियान लॉन्च कर दिया है। इतनी लागत में तो आजकल भारत में एक फिल्म बनने लगी है।

यह भी पढ़ें- Chandrayaan 3: 'चलो दिलदार चलो, चांद के पार...' चांद को लेकर बालीवुड के मशहूर गानों की लिस्ट

40 दिन का सफर तय कर चांद पर पहुंचेगा ‘चंद्रयान 3’

एक फिल्म के बजट में ‘चंद्रयान 3’ जैसा मिशन लॉन्च करने का कारनामा केवल भारत ही कर सकता है। चंद्रयान-3 40 दिनों की यात्रा कर चांद पर लैंड करेगा और उसके दक्षिणी ध्रुव से कई महत्वपूर्ण जानकारियां वैज्ञानिकों को देगा।

चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम के साथ तीन और रोवर प्रज्ञान के साथ मशीन (पेलोड) लगे हैं। लैंडर और रोवर के पेलोड चांद की सतह का अध्ययन कर पानी और खनिज की तलाश करेंगे। चांद पर भूकंप आते हैं या नहीं नहीं इस मिशन से यह भी पता लगाया जाएगा। चंद्रमा पर जानकारी इकट्ठा कर रोवर उसे लैंडर को भेजेगा और लैंडर का काम उस जानकारी को इसरो तक पहुंचाना है।

यह भी पढ़ें- फिल्मों से भी सस्ता Chandrayaan! जितने में हॉलीवुड में बन रही फिल्म, उतने में भारत लॉन्च कर देगा ऐसे 5-6 मिशन

Published By : Mohit Jain

पब्लिश्ड 15 July 2023 at 20:58 IST