अपडेटेड 2 September 2024 at 14:53 IST

इश्मीत सिंह: हिन्दुस्तान का वो गायक, 18 की उम्र में कमाया नाम और 19 में दुनिया को कह दिया अलविदा

इश्मीत सिंह... जो 18 साल की उम्र में अपनी दिलकश आवाज के जरिए लाखों दिलों की धड़कन बन गए थे। उनका पहला म्यूजिक एल्बम एक धार्मिक गुरबानी “सतगुरु तुमरे काज सवारे” था।

ishmeet singh
इश्मीत सिंह | Image: X

मौत और जिंदगी एक सिक्के के दो पहलू हैं। कब क्या हो जाए, इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है। लेकिन, हम आपको एक ऐसे शख्स के बारे में बताएंगे, जिसने बहुत ही कम समय में बुलंदियों को देखा, लेकिन जब उनकी मौत की खबर आई तो हर कोई हैरान था।

इश्मीत सिंह... जो 18 साल की उम्र में अपनी दिलकश आवाज के जरिए लाखों दिलों की धड़कन बन गए थे। उनका पहला म्यूजिक एल्बम एक धार्मिक गुरबानी “सतगुरु तुमरे काज सवारे” था। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर ने भारतीय संगीत उद्योग और प्रशंसकों को झकझोर कर रख दिया।

इश्मीत सिंह का जन्म 2 सितंबर 1988 को लुधियाना के रहने वाले गुरपिंदर सिंह और अमृतपाल कौर के घर हुआ। इश्मीत का कम उम्र में ही गायिकी की ओर झुकाव होने लगा। उन्होंने लुधियाना के गुरु शबद संगीत अकादमी के प्रिंसिपल सुखवंत सिंह और अपने चाचा डॉ. चरण कमल सिंह से कीर्तन गायन की ट्रेनिंग ली। इश्मीत सिंह की उम्र जब 17 साल थी तो उन्होंने रियलिटी शो वॉयस ऑफ इंडिया में हिस्सा लिया। वह इस रियलिटी शो में शामिल होने वाले सबसे कम उम्र के प्रतिभागियों में से एक थे। उन्होंने अपनी गायिकी से जज और ऑडियंस का दिल जीता और शो में फाइनल तक का सफर तय किया।

इश्मीत सिंह ने 24 नवंबर 2007 को रियलिटी शो वॉयस ऑफ इंडिया का खिताब जीता। वह लखनऊ के हर्षित सक्सेना को हराकर हिंदुस्तान की आवाज बने थे। स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने इश्मीत को अपने हाथों से विजेता का खिताब सौंपा था।

Advertisement

इस शो के जीतने के बाद एक दुखद भरी खबर सामने आई। पता चला कि इश्मीत सिंह का महज 19 साल की उम्र में निधन हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 1 अगस्त 2008 को होने वाली 'स्टार वॉयस ऑफ मालदीव' प्रतियोगिता में परफॉर्म करने के लिए मालदीव गए थे। लेकिन, उनकी अपने परफॉर्मेंस से पहले यानि 29 जुलाई 2008 को महज 19 साल की उम्र में स्वीमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई।

गायक इश्मीत सिंह की मौत के बाद कई सवाल उठने लगे। जब इश्मीत को स्विमिंग पूल से बाहर निकाला गया तो उसके सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने जांच के दौरान कहा था कि इश्मीत को स्विमिंग नहीं आती थी, इसी कारण उनकी मौत हुई।

Advertisement

उनकी गायकी का अंदाज बॉलीवुड गायक शान से काफी मिलता-जुलता था। एक बार गायक शान ने इश्मीत के बारे में कहा था कि जब वे साथ में गाते थे तो उन्हें खुद नहीं पता चलता था कि वे कौन सी लाइन गा रहे हैं। इश्मीत पंजाब से थे, लेकिन उन्होंने अपने करियर के दौरान ज्यादातर हिंदी गाने गाए।

ये भी पढ़ेंः सेंसरशिप केवल हमारे लिए जो देश के टुकड़े नहीं चाहते... IC 814 सीरीज पर मचे बवाल पर बोलीं कंगना रनौत

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 2 September 2024 at 14:53 IST