India's Got Latent Season 2: Samay Raina ने Alia Bhatt को किया सरेआम रोस्ट, कान्स को लेकर कसा तंज, एक्ट्रेस बोलीं- ‘शो में आकर…’
India's Got Latent का दूसरा सीजन नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर आ चुका है। ऐसे में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ शो के पैनेलिस्ट के तौर पर नजर आए। शो में समय ने दोनों एक्ट्रेसेस को रोस्ट किया।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Samay Raina Roasts Alia Bhatt: समय रैना का मशहूर कॉमेडी शो 'India's Got Latent' अपने दूसरे सीजन के साथ धमाकेदार वापसी कर चुका है। इस शो का पहला एपिसोड 20 जून को शाम 7 बजे नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर रिलीज हो गया है। सीजन के पहले ही एपिसोड में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्रियां आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्पेशल गेस्ट बनकर पहुंचीं। दोनों स्टार्स यहां अपनी अपकमिंग एक्शन फिल्म 'अल्फा' का प्रमोशन करने आई थीं।
शो के दौरान मस्ती-मजाक का जबरदस्त दौर चला और समय रैना अपने चिर-परिचित अंदाज में आलिया भट्ट की चुटकी लेने से बिल्कुल नहीं चूके। समय ने बातों ही बातों में आलिया की पिछली फिल्म 'जिगरा' के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और उनके कान्स अपीयरेंस पर ऐसे मजेदार तंज कसे कि खुद आलिया भी हंस-हंसकर लोटपोट हो गईं।
जब समय ने उड़ाया 'जिगरा' का मजाक
शो के दौरान समय ने आलिया से बात करते हुए कहा, "आलिया जी, सबसे पहले तो मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि आप यहां हमारे शो में हैं।" इस पर आलिया ने भी तुरंत मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, "हां, सच कहूं तो मुझे भी यहां आकर थोड़ा पछतावा हो रहा है।" इसके बाद समय ने मौके पर चौका मारते हुए कहा, "मैंने भी 'जिगरा' देखकर ऐसा ही पछतावा किया था।"
समय का यह पंच सुनकर पूरी महफिल में ठहाके गूंज उठे। हालांकि, आलिया ने भी इसे बहुत ही स्पोर्टी अंदाज में लिया और हंसते हुए जवाब दिया, "चलो, कम से कम तुमने मेरी फिल्म तो देखी। मेरी फिल्म में अपना योगदान देने के लिए तुम्हारा धन्यवाद!"
Advertisement
बात यहीं खत्म नहीं हुई। समय ने मजाक को आगे बढ़ाते हुए कहा, "सच कहूं तो आलिया जी, मैं आपके बगल में बैठकर बहुत नर्वस महसूस कर रहा हूं, क्योंकि मैं बहुत बड़ा फैन हूं..." वह एक पल के लिए रुके और फिर बोले, "आपके पति (रणबीर कपूर) का... और हां, बेशक आपका भी।"
Cannes को लेकर भी कसा तंज
शो के दौरान समय रैना ने आलिया से यह भी पूछा कि बॉलीवुड की सबसे सफल स्टार्स में से एक होने के बावजूद उन्होंने 'India's Got Latent' जैसे छोटे शो में आने का फैसला क्यों किया? समय ने Cannes Film Festival और अपने शो की तुलना करते हुए कहा, "कहां Cannes और कहां 'Latent', लेकिन देखिए यहां सारा कैमरा सिर्फ आप पर है।"
Advertisement
आलिया ने इस बात का बड़ी ही समझदारी से जवाब देते हुए कहा, "नहीं समय, सच कहूं तो कपिल शर्मा की वजह से हमें जो हंसी और खुशी मिली है, उसके लिए हम सभी बहुत आभारी हैं।"
कान्स फेस्टिवल में क्यों ट्रोल हुई थीं आलिया?
आपको बता दें कि हाल ही में हुए कान्स फिल्म फेस्टिवल के दौरान आलिया भट्ट को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया था। कुछ वीडियोज सामने आए थे जिनमें दिख रहा था कि जब आलिया पूरे कॉन्फिडेंस के साथ रेड कार्पेट पर पोज दे रही थीं, तब वहां मौजूद कुछ फोटोग्राफर्स ने अपने कैमरे नीचे कर लिए थे और उनका ध्यान दूसरे सितारों पर था। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी इंटरनेशनल पहचान को लेकर काफी बहस छिड़ गई थी।
कब आ रही है फिल्म 'अल्फा'?
फैंस को बता दें कि आलिया और शरवरी की एक्शन फिल्म 'अल्फा' 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस फिल्म में इन दोनों एक्ट्रेसेस के अलावा अनिल कपूर और बॉबी देओल भी अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं।