अमेरिका में भी है भारतीय चारपाई की डिमांड, 1 लाख रुपए से अधिक की कीमत पर बिक रही ऑनलाइन
भारत में आमतौर पर इस्तेमाल की जाने वाली चारपाई को अमेरिकन वेबसाइट पर 1 लाख रुपए से अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Indian Charpai: आज भारत में बनी चीजें दुनियाभर में बेची जा रही हैं और लोग भी भारतीय प्रोडक्ट्स को काफी पसंद कर रहे हैं। हमारे देश में चारपाई काफी आम मानी जाती है। शहरों में भले ही यह कम देखने को मिलती है, लेकिन गांव-देहात में लोग आज भी चारपाई का जमकर इस्तेमाल करते हैं। अब ई-कॉमर्स वेबसाइट्स पर भी चारपाई बेची जाने लगी है।
अमेरिका की एक कंपनी भारतीय चारपाई को 1 लाख रुपए से अधिक कीमत पर बेच रही है। इससे भी हैरानी की बात ये है कि लोग बड़ी संख्या में यह प्रोडक्ट खरीद भी रहे हैं। वेबसाइट पर चारपाई का कलर वर्जन भी मौजूद है, जिसकी कीमत 1.5 लाख रुपए है। एक सामान्य खटिया की इतनी कीमत देख यूजर्स को काफी हैरानी हो रही है।
भारतीय पारंपरिक बेड को दिया चारपाई का नाम
Etsy नाम की अमेरिकन वेबसाइट पर खास डिस्क्रिप्शन के साथ चारपाई बेची जा रही है। कंपनी ने अपनी साइट पर लिखा, “भारतीय पारंपरिक बेड, खूबसूरत डेकोरेशन के साथ।” ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने लिखा है कि यह चारपाई भारत में एक छोटे बिजनेस द्वारा बनाई गई है और यह पूरी तरह हैंडमेड है यानी हाथ से तैयार किया गया है। वेबसाइट पर चारपाई के डाइमेंशन्स भी लिखे हैं। इस चारपाई की कीमत 1,12,223 रुपए है। साइट ने यह भी दावा किया है कि यह प्रोडक्ट तेजी से बिक रहा है और बहुत कम यूनिट्स ही शेष रह गई है।
इस वेबसाइट पर ऐसे ही और भी कई प्रोडक्ट्स मौजूद हैं। एक चारपाई, जिसे इको-फ्रेंडली सामान से तैयार किया गया है, उसकी कीमत 1,27,558 रुपए लिखी है। असल में यह चारपाई जूट, कॉटन और लकड़ी से ही तैयार की गई है। वेबसाइट ने यह भी दावा किया कि चारपाई को आसानी से असेंबल कर सकते हैं। वहीं एक अन्य चारपाई जिसे थोड़ा और अच्छे से डेकोरेट किया गया और थोड़े कलर्स एड कर दिए गए, उसे कंपनी 1.5 लाख रुपए से भी अधिक कीमत पर बेच रही है।
Advertisement
यह भी देखें- Kanpur: बाइक के ऊपर कार... महिला ने कतार में खड़ी मोटरसाइकिलों को रौंद डाला, Video Viral
चारपाई की कीमत सुनकर हो रहे हैरान
एक चारपाई की इतनी कीमत देख यूजर्स को काफी हैरानी हो रही है। भारत में आमतौर पर चारपाई 2 से 5 हजार रुपए में मिल जाती है। बहुत से लोग तो इसे घर पर खुद भी बना लेते हैं। गांव-कस्बों में अक्सर लोग सुबह-शाम खाट पर बैठकर अपनों के साथ समय व्यतीत करते नजर आ जाते हैं। चारपाई की बात सुनकर यकीनन आप में से भी बहुत लोगों की पुरानी यादें ताजा हो गई होगी।

