अपडेटेड 16 June 2023 at 21:35 IST

Adipurush Review: भव्यता के साथ पेश की गई श्रीराम की महागाथा, VFX है फिल्म की जान

फिल्म ‘आदिपुरुष’ में प्रभु श्रीराम की महागाथा को भव्यता के साथ पेश किया गया है। वीएफएक्स फिल्म की जान है। रावण का किरादर भी दर्शकों को पसंद आ रहा है।

Follow : Google News Icon  
Adipurush Review
Adipurush Review | Image: self

रोक्तिम राजपाल

Adipurush Review: मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की महागाथा पर आधारित फिल्म ‘आदिपुरुष’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। फिल्म का दर्शकों का अच्छा रेस्पॉन्स मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग फिल्म देखने थियेटर्स का रुख कर रहे हैं। माइथोलॉजिकल फिल्मों को लेकर भारत में हमेशा से ही एक अलग क्रेज रहा है और इस बार उत्साह में कई गुना बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

पहली बार रामायण को इतने बड़े और भव्य लेवल पर बनाया गया है। ओम राउत द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने प्रभास भगवान श्रीराम के रोल में तो वहीं कृति सेनन माता सीता के रोल में नजर आ रही हैं। वीएफएक्स से लेकर एक्शन सीन तक, हर चीज की तारीफ की जा रही है। सभी किरदारों ने अपने अभिनय के साथ न्याय किया है। आदिपुरुष को लेकर कुछ लोगों के मन में सवाल है कि ये फिल्म देखने जाए कि न जाए?

फिल्म की खासियत

आदिपुरुष में रामायण के लगभग सभी प्रमुख दृश्यों को दिखाया गया है और यह फिल्म की सबसे बड़ी खासियत है। 3 घंटे में मेकर्स ने पूरी गाथा दिखाई है। फिल्म की शुरुआत में रामजी और सीता माता का विवाह और कैकेयी द्वारा राजा दशरथ से तीन वचन मांगने जैसे दृश्य दिखाए जाते हैं। इसके बाद श्रीराम अनुज लक्ष्मण और माता सीता के साथ वनवास के लिए महल छोड़ देते हैं। दूसरी ओर रावण की बहन शूर्पणखा कटी नाक के साथ भाई के पास पहुंचती है और यहीं से फिल्म की असली कहानी शुरू होती है। अपने माया जाल में फंसाकर रावण मां सीता का हरण कर लेता है। आदिपुरुष की कहानी रामायण पर ही आधारित है और फिल्म में आगे क्या होगा, यह दर्शक और आप सभी अच्छे से जानते हैं। 

Advertisement

वीएफएक्स है फिल्म की जान

आदिपुरुष की सबसे बड़ी जान विजुअल इफेक्ट्स और ग्राफिक्स बताए जा रहे हैं। श्रीराम और लंकापति रावण का युद्ध का सीन लोगों का दिल जीत रहा है। पूरी वानर सेना मिलकर लंका तक का सफर तय करती है, वो दृश्य भी कमाल के हैं। जिस तरह की भव्यता बाहुबली या बाजीराव मस्तानी जैसी फिल्मों में देखने को मिली है, उससे भी कई गुना अधिक भव्यता इस फिल्म में देखने को मिलने वाली है।

संजीवनी बूटी लाने का सीन है मनमोहक 

यूं तो फिल्म के सभी सीन दर्शकों को पसंद आ रहे हैं, लेकिन हनुमानजी द्वारा संजीवनी बूटी लाने का सबसे अधिक मनमोहक है। लक्ष्मण के घायल होने पर हनुमानजी हिमालय  पर्वत से संजीवनी बूटी का पर्वत उठाकर लाते हैं और फिर उन बूटियों से युद्ध में घायल होने वाले सभी का इलाज किया जाता है। हनुमानजी ने श्रीराम के प्रति जो समर्पण भाव दिखाया है, वह भी काबिले तारीफ है।

Advertisement

कैसी है कलाकारों की एक्टिंग

फिल्म में प्रभास प्रभु श्रीराम के रोल में खूब जंच रहे हैं। वह मेकर्स और दर्शकों की कसौटी पर खरे उतरे हैं और उन्हें 100 में से 100 अंक देना अतिश्योक्ति नहीं होगी। माता सीता के डायलॉग्स फैंस को पसंद आ रहे हैं। हालांकि, उनका स्क्रीन टाइम बहुत अधिक नहीं है, जितना कि ट्रेलर में कवर किया गया था। हनुमानजी के रोल में देवदत्त नागे वाहवाही लूट रहे हैं तो वहीं सनी सिंह भी लक्ष्मण के रोल में पूरी तरह फिट बैठ रहे हैं। ट्रेलर में रावण के किरदार को बहुत ज्यादा नहीं दिखाया गया था, लेकिन फिल्म में रावण अपने होने का अहसास करा देता है। सैफ अली खान एक अच्छे विलेन साबित हुए हैं और उनका लुक देख फैंस मॉडर्न रावण करार दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Adipurush: थियेटर में श्री राम भक्त हनुमान को समर्पित हुई एक सीट, आरती और मंत्रोच्चार के बाद शुरू हुआ शो

बड़े पर्दे पर श्रीराम की गाथा देखना रोमांचक

फिल्म के अंत में क्या होगा, यह सभी जानते हैं। रघुनंदन राम, रावण का वध कर देते हैं और बुराई पर अच्छाई की जीत होती है। फिल्म का संगीत भी लोगों के दिलों में उतर रहा है। ‘जय श्रीराम’ और ‘राम सिया राम’ के बाद अब ‘तू है शीतल धारा’ सॉन्ग भी दर्शकों को पसंद आ रहा है। श्रीराम की गाथा को बड़े पर्दे पर देखना बेहद ही रोमांचक है। यह फिल्म आज की पीढ़ी को ध्यान में रखकर बनाई गई है। एक बार आप अपने परिवार और दोस्तों के साथ यह फिल्म देखने जरूर जाए। यकीनन आपको निराशा नहीं मिलेगी। सिनेमाघरों में जय श्रीराम के नारों की गूंज आपको राघव और जानकी की भक्ति में लीन होने पर मजबूर कर देगी।

Edited By: मोहित जैन

यह भी पढ़ें- Exclusive: क्या गेमचेंजर साबित होगी फिल्म Adipurush? जानें क्या कहते हैं फिल्म एक्सपर्ट और फ्यूचर पर क्या होगा असर

Published By : Digital Desk

पब्लिश्ड 16 June 2023 at 21:35 IST