10 बीघा में बनेगा 'असम की आवाज' का स्मारक, जुबिन के लिए हिमंता कैबिनेट ने बढ़ाई राजकीय शोक की डेट
Zubeen Garg: परिवार के साथ चर्चा के बाद, जुबीन गर्ग का अंतिम संस्कार करने और कामरूप के कमरकुची उत्तरी क्षेत्र के गांव, हातिमुरा में 10 बीघा जमीन पर उनका स्मारक बनाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, जुबीन गर्ग की अस्थियां जोरहाट ले जाई जाएंगी और वहां ऐतिहासिक शहर से उनके जुड़ाव के सम्मान में एक स्मारक बनाया जाएगा।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Zubeen Garg: फेमस बॉलीवुड सिंगर और 'असम की आवाज' के रूप में पुकारे जाने वाले जुबीन गर्ग का 19 सितंबर को सिंगापुर में निधन हो गया था। वे वहां नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के लिए गए थे। वहां स्कूबा डाइविंग के दौरान 52 वर्षीय सिंगर जुबीन का निधन हो गया था। शुरुआती जांच में बताया गया कि उनको सांस लेने में दिक्कत हुई थी।
सिंगर जुबीन के निधन पर बॉलीवुड, म्यूजिक इंडस्ट्री के साथ उनके चाहने वालों और खासकर के उनके गृह राज्य असम में शोक की लहर है। इस बीच जुबिन गर्ग को लेकर CM हिमंता के कैबिनेट ने बड़ा फैसला किया है। इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर दी है। उन्होंने सबसे पहले बताया है कि जुबीन गर्ग का अंतिम संस्कार 23 सितंबर, 2025 को किया जाएगा। राजकीय शोक 23 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। मालूम हो कि पहले राजकीय शोक की डेट 20 से 22 सितंबर 2025 तक थी।
10 बीघा जमीन में बनेगा सिंगर जुबीन गर्ग का स्मारक - असम कैबिनेट का फैसला
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गायक जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार को लेकर बड़ी जानकारी दी है। इसके साथ ही उन्होंने सिंगर के लिए 10 बीघा जमीन में स्मारक बनाने की भी बात कही है।
सीएम हिमंता ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "जुबीन गर्ग के परिवार के साथ विचार-विमर्श के बाद, असम कैबिनेट ने गुवाहाटी के पास कमरकुची में 10 बीघा जमीन के आवंटन को मंजूरी दे दी है, जहां हमारे प्रिय जुबीन का 23 सितंबर को अंतिम संस्कार किया जाएगा।"
Advertisement
सीएम ने असम कैबिनेट के फैसले की एक तस्वीर शेयर की है। इसमें जानकारी दी गई है कि असम कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, जुबीन गर्ग का अंतिम संस्कार 23 सितंबर, 2025 को किया जाएगा। राजकीय शोक 23 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है।
परिवार के साथ चर्चा के बाद, जुबीन गर्ग का अंतिम संस्कार करने और कामरूप के कमरकुची उत्तरी क्षेत्र के गांव, हातिमुरा में 10 बीघा जमीन पर उनका स्मारक बनाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, जुबीन गर्ग की अस्थियां जोरहाट ले जाई जाएंगी और वहां ऐतिहासिक शहर से उनके जुड़ाव के सम्मान में एक स्मारक बनाया जाएगा।
Advertisement
आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया, "जुबिन गर्ग के दुर्भाग्यपूर्ण और असामयिक निधन के संबंध में श्यामकानु महंता और सिद्धार्थ सरमा के खिलाफ कई प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं। मैंने असम पुलिस के डीजीपी को सभी प्राथमिकियां CID को ट्रांसफर करने और गहन जांच के लिए एक समेकित मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है।"