बाढ़ से जूझ रहे पंजाब की मदद के लिए आगे आए सेलेब्स, किसी ने गोद लिए 200 गांव तो किसी ने लगाए शिविर; सोनू सूद ने फिर दिखाया बड़ा दिल
Punjab Flood: पंजाब में बाढ़ की वजह से बिगड़े हालात देख कई सेलेब्स का दिल टूट गया है। ऐसे में उन्होंने पीड़ितों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। सोनू सूद से लेकर एमी विर्क, दिलजीत दोसांझ, गुरु रंघावा ने मदद का ऐलान किया।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Celebs on Punjab Flood: सितंबर के महीने में भी देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही झमाझम बारिश से देश के कई राज्यों में हाल बेहाल है। करीब एक महीने से पंजाब भीषण बाढ़ के संकट से जूझ रहा है। 1 अगस्त से अबतक प्रदेश में बाढ़ की वजह से करीब 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। कई गांव डूब गए हैं। ऐसे में बाढ़ प्रभावित पंजाब की कई सेलेब्स को भी चिंता हुई है और वो पीड़ितों की मदद में आगे आए हैं। संजय दत्त, सोनू सूद से लेकर दिलजीत दोसांझ, एमी विर्क समेत कई सितारों ने बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का ऐलान किया है। किसी ने 10 तो किसी ने 200 गांव गोद लेने का ऐलान किया है।
‘पंजाब मेरी आत्मा है, मैं पीछे नहीं हटूंगा’
'गरीबों के मसीहा' सोनू सूद हमेशा ही जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे रहते हैं। पंजाब में बाढ़ की वजह से जो हालात बने हैं, उससे वो भी परेशान हैं। सोनू सूद ने एक इमोशनल वीडियो पोस्ट कर बाढ़ पीड़ितों की मदद का ऐलान किया। साथ ही लोगों से भी ऐसा करने को कहा।
सोनू ने कहा, "मैं पंजाब के साथ खड़ा हूं। इस विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित कोई भी व्यक्ति अकेला नहीं है। हम सब मिलकर हर एक व्यक्ति को फिर से अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करेंगे। अगर आपको किसी भी तरह की मदद की जरूरत है, तो बेझिझक हमें संदेश भेजें। हम आपकी हर संभव मदद करने की पूरी कोशिश करेंगे। पंजाब मेरी आत्मा है। चाहे इसके लिए सब कुछ कुर्बान हो जाए, मैं पीछे नहीं हटूंगा। हम पंजाबी हैं और हम हार नहीं मानते।"
एमी विर्क ने 200 गांव गोद लेने का किया ऐलान
वहीं, पंजाबी एक्टर और सिंगर एमी विर्क ने बड़ा दिल दिखाते हुए 200 घरों को गोद लेने का ऐलान किया है। एमी विर्क ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, "पंजाब में बाढ़ से तबाही देखकर दिल दुख रहा है। अपने लोगों को बिना छत के देखकर मैं पूरी तरह टूट गया हूं। मैं उनको राहत देने के लिए एक छोटा की कोशिश कर रहा हूं। जिन्होंने अपना सबकुछ हो दिया, हमारी टीम ऐसे 200 घरों को गोद ले रही है।"
Advertisement
गुरु रंधावा ने लगाए सहायता शिविर
इसके अलावा मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा भी बाढ़ग्रस्त लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने अपने इलाके डेरा बाबा नानक और अपने गांव धारोवाली के पास सहायता शिविर लगाने का ऐलान किया है। पॉपुलर एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ ने पंजाब की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है। दिलजीत की टीम ने एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने अन्य एनजीओ और स्थानीय प्रशासन (गुरदासपुर और अमृतसर) के सहयोग से 10 अत्यधिक प्रभावित गांवों को गोद लिया है।
बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त ने पंजाब के हालातों पर चिंता जताते हुए मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ये वाकई में दिल तोड़ने वाली खबर है। मैं अपनी तरफ से हरसंभव मदद के लिए तैयार हूं। मीका सिंह की फाउंडेशन भी लोगों तक हर तरह की संभव मदद पहुंचा रही है।