'जिंदगी जहन्नुम बन गई थी...', कंगना रनौत ने 10 साल बाद जिंदगी की किन कड़वी यादों का किया जिक्र? ऋतिक रोशन से है कनेक्शन!
इंस्टाग्राम पर चल रहे लेटेस्ट ट्रेंड '2026 is the new 2016 में कंगना रनौत भी शामिल हो चुकी हैं। उन्होंने अपने पुराने पिटारे खोलकर कुछ थ्रोबैक फोटोज शेयर कीं। साथ ही 2016 में मुश्किल में बीते दिनों को भी याद किया।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Kangana Ranaut: साल 2026 को शुरू हुए दो हफ्ते से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन लोग अचानक 10 साल पीछे चले गए हैं। जी हां, सोशल मीडिया पर 2016 की यादों का ट्रेंड वायरल हो रहा है। अब सोशल मीडिया पर कोई ट्रेंड हो और उसमें बॉलीवुड 'क्वीन' कंगना रनौत पीछे रह जाए, ऐसा तो शायद ही मुमकिन हो। इसी कड़ी में एक्ट्रेस ने भी इस ट्रेंड को फॉलो किया है।
कंगना रनौत ने साल 2016 से जुड़ी अपनी थ्रोबैक फोटोज शेयर की हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने करियर के पीक टाइम को रिकॉल किया। मगर, वो अपने कुछ बुरे अनुभवों को भी याद करना नहीं भूलीं। उन्होंने पोस्ट में जिंदगी और करियर के सबसे उथल-पुथल भरे दौर का जिक्र किया।
शुक्र है कि ये साल 2026 है- कंगना रनौत
एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर साल 2016 की तस्वीरें पोस्ट कर लिखा कि शुक्र है कि ये साल 2026 है। अगर उन्हें पहले मालूम होता कि दस साल बाद जिंदगी इतनी सुकून भरी होगी तो वो तब इतना दुखी नहीं होतीं।
'सफलता जहर बन गई और जिंदगी नरक'
कंगना ने कैप्शन में लिखा, 'अचानक सब लोग 2016 को क्यों याद कर रहे हैं? ये साल मेरे करियर का एक जरूरी पड़ाव था। 'क्वीन' और 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' जैसी लगातार ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद मैं सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेस बन गई, लेकिन फिर 2016 के जनवरी में मेरे एक कलीग ने मुझे वो विवादित लीगल नोटिस भेजा जिसने इंडस्ट्री को अंदरूनी और बाहरी लोगों में बांट दिया।'
Advertisement
उन्होंने कड़वे अनुभवों का जिक्र कर आगे लिखा, 'सफलता जहर बन गई और जिंदगी नरक बन गई। लोगों ने पक्ष लिए और कई और कानूनी लड़ाइयां हुईं। दस साल पहले अगर मुझे पता होता कि 2026 में मैं अपने हर खाने में कार्ब्स खाऊंगी, बहुत हंसूंगी और 2016 का सारा ड्रामा कुछ सालों बाद किसी के लिए कोई मायने नहीं रखेगा, तो सच कहूं तो मैं उस समय इतनी दुखी नहीं होती। भगवान का शुक्र है कि ये 2016 नहीं है और हम 2026 में हैं।'
कंगना ने किस लीगल नोटिस का किया जिक्र?
जान लें कि कंगना रनौत बिना नाम लिए जिस लीगल नोटिस की बात कर रही हैं, वो उन्हें बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन ने भेजा था। नोटिस में उन्होंने कंगना से सार्वजनिक टिप्पणियों के लिए माफी मांगने की बात कही थी। इसके बाद उन्हें कई कानूनी लड़ाई, मीडिया ट्रायल और दर्द से होकर गुजरना पड़ा था।
Advertisement
बताते चलें कि जनवरी 2016 में कंगना रनौत ने अपने और ऋतिक रोशन के रिश्ते की सच्चाई जगजाहिर की थी। उन्होंने एक्टर को अपना ‘एक्स’ कहा और पर्सनल रिश्ते पर बात की थी। हालांकि ऋतिक ने इन दावों को नकारते हुए उन्हें माफी मांगने के लिए लीगल नोटिस थमा दिया था। दोनों के बीच कानूनी नोटिसों की जंग काफी लंबी चली थी।