टॉलीवुड क्यों नहीं बना सकता आदित्य धर की 'धुरंधर' जैसी फिल्म? फिल्ममेकर बीवीएस रवि ने खोली इंडस्ट्री की पोल
Aditya Dhar Film Dhurandhar: फिल्म निर्माता बीवीए रवि ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया है कि आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' जैसी फिल्म को टॉलीवुड क्यों नहीं बना सकता है। इस बारे में बात करते हुए उन्होंने इंडस्ट्री की पोल खोल दी है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Aditya Dhar Film Dhurandhar: इंडियन सिनेमा में इन दिनों आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'धुरंधर' की चर्चा हर तरफ हो रही है। इस फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है बल्कि फिल्म मेंकिग की तकनीक और बजट के मामले में भी नए मानक स्थापित किए हैं। हाल ही में फेमस तेलुगु फिल्ममेकर और लेखक बीवीएस रवि ने इस फिल्म की जमकर तारीफ की है। इसके साथ ही उन्होंने बताया है कि आखिर क्यों टॉलीवुड के लिए ऐसी फिल्म बनाना एक बड़ी चुनौती है। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या बोला है।
फिल्ममेकर ने बताई टॉलीवुड की चुनौतियां
बीवीएस रवि ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि आदित्य धर द्वारा बनाई गई 'धुरंधर' एक ऐसी अनोखी फिल्म है, जिसे दोहराना किसी भी अन्य फिल्म इंडस्ट्री के लिए बेहद कठिन है। उन्होंने फिल्म के कंटेंट और रिसर्च पर बात करते हुए बताया कि आदित्य ने लगभग आठ घंटे का कंटेंट तैयार करने के लिए सालों तक रिसर्च किया है। उन्होंने निर्माता को इतने बड़े अमाउंट में पैसे खर्च करने के लिए राजी किया क्योंकि उनका फोकस साफ रहा होगा। रवि के अनुसार धुरंधर फिल्म उन निर्माताओं के लिए एक सबक है जो बिना किसी ठोस योजना के बड़े बजट की फिल्में शुरू कर देते हैं।
बजट और मैनेजमेंट में बताया अंतर
लेखक ने एक चौंकाने वाला तुलनात्मक विवरण देते हुए बताया कि 'धुरंधर' के दोनों पार्ट्स मात्र 260 करोड़ रुपये के बजट में बनकर तैयार हुए हैं। इस बजट में रणवीर सिंह, संजय दत्त, और अक्षय खन्ना जैसे बड़े सितारों की मौजूदगी के साथ-साथ विदेशों में महंगे सेट्स पर शूटिंग भी शामिल है। दूसरी ओर टॉलीवुड की बड़ी फिल्मों का बजट अक्सर 500 करोड़ रुपये से शुरू होता है। रवि ने साफ किया कि इसके लिए कलाकार जिम्मेदार नहीं हैं। समस्या फिल्म की योजना और निर्माण कार्य के प्रबंधन में है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां सही प्लानिंग की कमी होती है जिसके कारण प्रोडक्शन का समय और खर्च दोनों बढ़ जाते हैं।
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' का ऐतिहासिक प्रदर्शन
रणवीर सिंह की 'धुरंधर' ने सफलता के सारे कीर्तिमान तोड़ दिए हैं। इस फिल्म ने भारतीय बाजार में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करके सबको हैरान कर दिया है। आदित्य धर जिन्होंने पहले 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' जैसी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म दी थी उन्होंने इस फ्रैंचाइजी के जरिए यह साबित कर दिया है कि बेहतर विजन और सटीक प्लानिंग से कम बजट में भी वैश्विक स्तर का सिनेमा बनाया जा सकता है। फिल्म में अर्जुन रामपाल और आर माधवन के अभिनय को भी दर्शकों ने काफी सराहा है।