Kangana Ranaut Vs Naseeruddin Shah: 'फिल्म इंडस्ट्री का हमेशा से यही रवैया...', नसीरुद्दीन शाह के तंज पर कंगना रनौत का पलटवार
बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए फिल्म इंडस्ट्री के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के बयान पर कड़ा पलटवार किया है। कंगना ने फिल्म इंडस्ट्री के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब बात देश के गंभीर मुद्दों और देशहित की आती है, तब बॉलीवुड के लोग अक्सर मौन साध लेते हैं या फिर सिर्फ एकतरफा सोच का समर्थन करते हैं।
बॉलीवुड का पुराना रवैया
कंगना रनौत ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री की यह आदत नई नहीं है, बल्कि उनका रवैया हमेशा से ही पक्षपाती रहा है। जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान संसद भवन की ओर बढ़ते उग्र प्रदर्शनकारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "जब जंतर-मंतर से संसद भवन की ओर हमला हो रहा था, तब मेरे कई सांसद मित्र वहां मौजूद थे। लोगों ने उनकी गाड़ियों पर चढ़कर हमला किया और उनकी गाड़ियों की खिड़कियां तक तोड़ दीं।' कंगना ने सवाल उठाया कि उस समय इस तरह की हिंसा पर फिल्म इंडस्ट्री का कोई भी बड़ा चेहरा सामने क्यों नहीं आया?
'जेन जेड' की परिभाषा पर खड़े किए गंभीर सवाल
युवाओं और 'जेन जेड'को लेकर चल रही बहस पर कंगना ने सीधा सवाल दागा। उन्होंने पूछा कि जो लोग देश को गाली देते हैं, प्रधानमंत्री को अपशब्द कहते हैं और देश को बांटने या तोड़ने की बात करते हैं, क्या सिर्फ वही लोग 'जेन जेड' कहलाएंगे? उन्होंने कहा कि जब झारखंड में मासूम बच्चों पर अत्याचार और हिंसा हो रही है, तो क्या वे बच्चे इस देश के युवा या 'जेन जेड' नहीं हैं? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसे मामलों पर बॉलीवुड की संवेदनाएं मर जाती हैं?
'हम खुद युवा हैं, युवा विरोधी कैसे हो सकते हैं?'
कंगना ने उन आरोपों का भी खंडन किया जिनमें सरकार या उनकी विचारधारा को युवा विरोधी बताया जाता है। उन्होंने कहा, 'हम युवाओं के खिलाफ क्यों होंगे? हम खुद युवा हैं और देश के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं।'
Advertisement
झारखंड के मुद्दों पर बॉलीवुड की चुप्पी पर तंज
कंगना रनौत ने नसीरुद्दीन शाह और फिल्म इंडस्ट्री के अन्य अभिनेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग जंतर-मंतर पर आकर घड़ियाली आंसू बहाते हैं, उन्हें झारखंड में पीड़ित बच्चों के लिए भी आंसू बहाने चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर संवेदनशीलता दिखानी ही है, तो वह निष्पक्ष होनी चाहिए। सिर्फ किसी खास राजनीतिक एजेंडे के तहत नहीं।
ये भी पढ़ें - VIDEO: '12 साल का प्यार, 12 मिनट में खत्म'...बीच सड़क पति-पत्नी का हाईवोल्टेज ड्रामा, सोशल मीडिया पर हो रहा VIRAL