‘गदर 2’-‘बॉर्डर 2’ हुई सुपरहिट, अब अपनी इस हिट फिल्म का भी सीक्वल लेकर आएंगे Sunny Deol? खुशी से झूम उठेंगे फैंस
Sunny Deol: सनी देओल का जलवा इन दिनों चारों तरफ छाया हुआ है। उनकी वॉर ड्रामा 'बॉर्डर 2' तेज स्पीड में बॉक्स ऑफिस पर दौड़ते हुए रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Sunny Deol: सनी देओल का जलवा इन दिनों चारों तरफ छाया हुआ है। उनकी वॉर ड्रामा ‘बॉर्डर 2’ तेज स्पीड में बॉक्स ऑफिस पर दौड़ते हुए रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है। इससे पहले आई उनकी ‘गदर 2’ भी ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर रही। अब खबरें हैं कि बॉलीवुड सुपरस्टार इन दिनों अपनी एक और पुरानी हिट फिल्म के सीक्वल में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
सनी देओल के साथ तीन-तीन हिट फिल्में देने वाले और उनकी एक आगामी फिल्म के डायरेक्टर राजकुमार संतोषी ने उन्हें ‘घातक’ के सेकंड पार्ट की कहानी सुनाने का फैसला किया है।
‘घातक 2’ लेकर आएंगे सनी देओल?
सनी इन दिनों मनाली में रिलैक्स कर रहे हैं। इस बीच, बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट की माने तो, राजकुमार संतोषी 1996 में आई एक्शन फिल्म ‘घातक’ के सीक्वल का नरेशन सनी को सुनाने के लिए मनाली जाएंगे। पोर्टल ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि फिल्ममेकर को ‘घातक 2’ बनाने के लिए एक आईडिया मिला है जिसकी जानकारी उन्होंने देओल को दी। एक्टर को ये आईडिया पसंद आया और उन्होंने संतोषी को मनाली में उनसे मिलने के लिए कहा। आज वो मनाली में सनी को स्क्रिप्ट सुना सकते हैं।
सूत्र ने आगे कहा कि अगर सनी देओल को कहानी पसंद आई, तो ही वो आगे बढ़ेंगे। रिपोर्ट में लिखा है कि वो अपनी किसी भी पुरानी क्लासिक फिल्म का सीक्वल केवल इसलिए ही साइन नहीं करेंगे क्योंकि ‘गदर 2’ और ‘बॉर्डर 2’ ब्लॉकबस्टर रहीं। वो इस ट्रेंड का फायदा नहीं उठाना चाहते। सनी और संतोषी का मानना है कि यह दर्शकों के साथ धोखा होगा।
Advertisement
सुपरहिट जोड़ी है सनी देओल-राजकुमार संतोषी
सनी देओल और डायरेक्टर राजकुमार संतोषी की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे सफल जोड़ियों में से एक है। दोनों ने 90 के दशक में बॉक्स ऑफिस पर कई बार कहर बरपाया जब उनकी ‘घायल’ (1990), ‘दामिनी’ (1993) और ‘घातक’ (1996) जैसी फिल्में हिट साबित हुईं। अब ये जोड़ी फिल्म 'लाहौर 1947' के साथ वापसी कर रही है।
बात करें ‘घातक’ की तो ये 1996 में रिलीज हुई थी और उस साल की सबसे ज्यादा कमाने वाली बॉलीवुड फिल्मों की लिस्ट में शुमार हो गई। इसने उस समय भारत में करीब 15.24 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था और एक बड़ी सुपरहिट साबित हुई।