'पहलगाम में जब पैंट उतारी गई...'; बेंगलुरु कॉन्सर्ट में दिए विवादित बयान पर सोनू निगम की सफाई, किसे बताया 'बवासीर'?
Sonu Nigam: सोनू निगम का बेंगलुरु कॉन्सर्ट में दिया बयान कंट्रोवर्सी में आ गया है जिसे लेकर उनके खिलाफ FIR भी दर्ज हो चुकी है। अब सिंगर ने सफाई दी है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Sonu Nigam: प्लेबैक सिंगर सोनू निगम का बेंगलुरु कॉन्सर्ट में दिया बयान कंट्रोवर्सी में आ गया है। वहां एक फैन ने उन्हें कन्नड़ में गाने की ‘धमकी’ दी थी जिससे खफा होकर सिंगर ने उसे सबके सामने लताड़ लगा दी। उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया जिसके बाद उनपर केस भी दर्ज हो गया। अब सोनू ने इस पूरे मामले पर एक वीडियो जारी किया है।
सोनू निगम पर अपने बयान से कन्नड़ समुदाय की भावनाएं आहत करने का आरोप लगा है। ये घटना 25 अप्रैल की है जब सिंगर बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज में लाइव परफॉर्म कर रहे थे। सोनू पर समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने, धार्मिक या भाषाई संवेदनाओं का अपमान करने और मानहानि का आरोप लगा है।
सोनू निगम ने FIR होने के बाद दी सफाई
बता दें कि सोनू निगम के खिलाफ हुई FIR में लिखा है कि ‘उनके बयान का मकसद कन्नड़ और अन्य भाषाई समूहों के बीच नफरत फैलाना था’। इतना ही नहीं, सिंगर ने अपने इस बयान में पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र भी कर दिया। अब सोनू ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने सबसे पहले बताया कि सपोर्ट में कन्नड़-कन्नड़ चिल्लाना और धमकी भरे लहजे में बोलने में फर्क होता है।
सिंगर ने बताया कि वहां कॉन्सर्ट में 4-5 लड़कों का एक ग्रुप था जो गुस्से में सोनू से कन्नड़ में गाने के लिए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘सिर्फ चार-पांच गुंडे टाइप के लोग वहां चिल्ला रहे थे। वहां हजारों लोग उन्हें मना भी कर रहे थे। लड़कियों ने भी कहा कि इवेंट में खलल ना डालें’। सिंगर ने कहा कि उनके दिल में कन्नड़ लोगों के लिए काफी प्यार और इज्जत है लेकिन कुछ लोगों का रवैया ठीक नहीं था और उनकी गलती की वजह से पूरे समुदाय को लेकर राय नहीं बनाई जा सकती।
Advertisement
सोनू निगम ने पहलगाम हमले पर किए कमेंट पर दी सफाई
उन्होंने आगे फैन की धमकी को पहलगाम हमले से जोड़ने पर हुए विवाद पर भी सफाई दी। सोनू निगम ने कहा- “उन पांचों को यह बताना और याद दिलाना जरूरी था कि पहलगाम में जब पैंट उतारी गई थी, तो भाषा नहीं पूछी गई थी। कन्नड़ लोग बहुत प्यारे होते हैं। हर प्रांत में ऐसे कुछ गंदे लोग होते हैं जिन्हें ये याद दिलाना बहुत जरूरी है कि वो आपको धमका नहीं सकते। जो लोग उकसाते हैं, उन्हें रोकना जरूरी है, वर्ना वे ‘बवासीर’ बन जाते हैं”।
सोनू निगम ने आगे कहा कि ‘मोहब्बत की जमीन पर नफरत के बीज बोने वालों को तुरंत रोकना जरूरी है, नहीं तो इसका बहुत बुरा परिणाम भुगतना पड़ेगा'। सिंगर ने कहा कि उन लड़कों ने उनकी आंखों में देखते हुए उन्हें कन्नड़ गाना गाने की धमकी दी थी।