Prem Chopra Health Update: अब कैसी है प्रेम चोपड़ा की तबीयत? जानलेवा बीमारी से जूझ रहे एक्टर
Prem Chopra Health Update: बॉलीवुड एक्टर प्रेम चोपड़ा बीते दिनों जानलेवा बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी तबीयत को लेकर दामाद शरमन जोशी ने अपडेट शेयर की है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Prem Chopra Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर प्रेम चोपड़ा हाल ही में अपनी तबीयत को लेकर सुर्खियों आ गए थे। 90 साल की उम्र में हार्ट से जुड़ी गंभीर दिक्कत के चलते उन्हें 8 नवंबर को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि सात दिन इलाज चलने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। अब उनके दामाद और एक्टर शरमन जोशी ने उनकी हेल्थ को लेकर बड़ी अपडेट शेयर की है। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या बताया है।
शरमन जोशी ने बताई प्रेम चोपड़ा की हालत
शरमन जोशी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करके बताया है कि प्रेम चोपड़ा गंभीर एओर्टिक स्टेनोसिस से जूझ रहे थे। इस कंडीशन के कारण हार्ट का एओर्टिक वाल्व बहुत पतला हो जाता है और ब्लड फ्लो होने में दिक्कत हो जाती है। उन्हें इसके लिए TAVI यानी ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व इम्प्लांटेशन के प्रॉसेस का इलाज दिया गया था। अच्छी बात है कि यह प्रॉसेस बिना ओपन हार्ट सर्जरी के पूरी हो गई और अब प्रेम चोपड़ा बिलकुल सेफ तरीके से घर लौट आए हैं।
फैमिली ने डॉक्टर्स का जताया आभार
पोस्ट में शरमन जोशी ने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन गोखले और इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रविंदर सिंह राव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि दोनों डॉक्टरों ने पूरी तरीके से उनका इलाज किया और TAVI प्रॉसेस को सफलतापूर्वक पूरा किया था। शरमन जोशी के अनुसार, प्रेम चोपड़ा घर वापस आ चुके हैं और पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं।
प्रेम चोपड़ा का करियर
प्रेम चोपड़ा हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित नामों में से एक हैं। उन्होंने 380 से ज्यादा फिल्मों में एक्टिंग की है। ज्यादातर फिल्मों में अपने खलनायकी अंदाज से दर्शकों का दिल जीता है। उन्होंने 1962 की फिल्म ‘विद्या’ से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया और आज भी उनकी इंडस्ट्री में पहचान मजबूत है।