'बुला रहे हो तो इज्जत करो, पाजी की बेइज्जती नहीं सहूंगी', उत्तराखंड के मंत्री पर भड़कीं राखी सावंत, बोलीं- दलेर मेहंदी ने शराब को कभी हाथ तक नहीं लगाया
सिंगर दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर अब राखी सावंत ने रिएक्ट किया है। उन्होंने मंत्री जी से मांफी मांगने की बात कही है। उन्होंने कहा कि दलेर पाजी ने आजतक शराब को हाथ भी नहीं लगाया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Rakhi Sawant supports Daler Mehndi: मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के सपोर्ट में अब ड्रामा क्वीन राखी सावंत उतरी हैं। वे दलेर से जुड़े विवाद को लेकर मंत्री जी पर भड़क गई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ही कल का कोई भी आकर उनकी बेइज्जती नहीं कर सकता है।
राखी सावंत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो शेयर किया है। उन्होंने दलेर मेहंदी को अपना भाई बताते हुए कहा, 'दलेर मेहंदी को स्टेज पर बेहद बेइज्जत किया गया। जबरदस्ती उन्हें बताया गया कि उन्होंने शराब पी रखी है। जो स्टेज पर गा रहे हैं वो लेजेंड हैं। वो हमारे भाई हैं। उन्होंने आज तक शराब को कभी हाथ तक नहीं लगाया गया है। मैं उन्हें कई सालों से जानती हूं और उनके साथ गाने भी कर चुकी हूं। दलेर मेहंदी के साथ मेरे परिवार जैसे रिश्ते हैं।'
'कोई भी आकर उनकी बेइज्जती नहीं कर सकता...'
उन्होंने कहा, 'जब इंसान की उम्र हो जाती है तब वे धीरे-धीरे बोलते हैं। वो तो लेजेंड हैं। उनका मुकाबला किसी के साथ नहीं हो सकता। उनसे कोई ऐसे बात नहीं कर सकता है। कोई भी कल का आकर स्टेज पर खड़े होकर उनकी बेइज्जती करे, ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। या तो आप सेलिब्रिटीज को न बुलाएं और अगर बुलाते हैं तो उनका सम्मान करें। हमारे पाजी की इस कदर बेइज्जती हम नहीं सह सकते हैं। वो सिंह इज किंग हैं और हमेशा रहेंगे। यह गलत बात है। उन्हें दलेर जी से माफी मांगनी चाहिए, जिन्होंने भी उनके साथ ऐसी बदतमीजी की है। बहुत गलत बात है।'
राजपाल यादव ने भी किया समर्थन
इससे पहले एक्टर राजपाल यादव ने भी दलेर मेहंदी का समर्थन किया था। उन्होंने कहा, 'जिस तरीके से एक सम्मानित मंत्री हजारों लोगों के सामने एक ऐसे लेजेंड सिंगर जिसकी आवाज ने दशकों तक देश और दुनिया की सेवा की है, ऐसे अशोभनीय, निंदनीय शब्दों से अपमानित किया। मारपीट का उदाहरण दिया। माननीय मंत्री जी आपको यह शोभा नहीं देता। ऐसा लगा कि जैसे आपने कला को ही खरीद लिया हो। कला कभी खरीदी नहीं जा सकती है। कला एक जीवन है, जीवन का सम्मान करिए।'
Advertisement
दलेर पाजी शराब नहीं पीते- राजपाल
राजपाल यादव ने आगे कहा, 'आपकी जानकारी के लिए बता दूं दलेर पाजी शराब नहीं पीते हैं। मैंने भी उनके साथ 'वेलकम टू द जंगल' में काम किया है। उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा है। प्रयास चल रहा है कि वे जल्द स्वस्थ हो जाएं। पद आते हैं और जाते हैं, लेकिन कद हमेशा रहता है। कला का कद हजारों-वर्षों से है। कला के कद का सम्मान कीजिए।'
क्या है पूरा मामला?
एक लाइव परफॉर्मंस के दौरान उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने स्टेज पर पहुंचकर दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, 'आपसे बोला तो जा नहीं रहा है, गाना क्या गाएंगे।' इस पूरे घटनाक्रम के बाद कार्यक्रम में हुई बातचीत भी चर्चा का विषय बन गई। मामला सिर्फ एक लाइव परफॉर्मेंस रुकने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मंच पर मंत्री के सख्त लहजे और गायक को कही गई बातों को लेकर भी चर्चा होने लगी।