अपडेटेड 14 December 2024 at 22:24 IST

राज कपूर की 100वीं जयंती: धर्मेंद्र से लेकर माधुरी दीक्षित तक, इन महान कलाकरों ने शोमैन को किया याद

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र, अमोल पालेकर, शर्मिला टैगोर और माधुरी दीक्षित नेने से लेकर दिव्येंदु तक पीढ़ी दर पीढ़ी फिल्म जगत के सभी कलाकार अभिनेता एवं दूरदर्शी फिल्मकार राज कपूर का सम्मान करते हैं। उनकी मृत्यु हो गई थी।

Raj Kapoor 100th birth anniversary
राज कपूर की 100वीं जयंती | Image: instagram

Raj Kapoor 100th Birth Anniversary: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र, अमोल पालेकर, शर्मिला टैगोर और माधुरी दीक्षित नेने से लेकर दिव्येंदु तक पीढ़ी दर पीढ़ी फिल्म जगत के सभी कलाकार अभिनेता एवं दूरदर्शी फिल्मकार राज कपूर का सम्मान करते हैं। शनिवार, 14 दिसंबर 2024 को महान अभिनेता, निर्देशक और निर्माता राज कपूर की जन्म शताब्दी मनाई जा रही है। उन्होंने 40 साल के अपने शानदार करियर के दौरान 'आवारा', 'बरसात', 'श्री 420', 'संगम' और 'मेरा नाम जोकर' जैसी कई यादगार फिल्में बनाईं। वर्ष 1988 में उनकी मृत्यु हो गई थी।

राज कपूर की भव्य और व्यापक कथाओं के विपरीत समानांतर सिनेमा में मध्यवर्गीय नायक की भूमिका निभाने वाले अमोल पालेकर ने कहा कि वह करियर के शुरुआती चरण में अभिनेता-फिल्म निर्माता राज कपूर के काम की प्रशंसा करते हैं। अमोल पालेकर ने कहा, ‘‘हम केवल एक बार मिले, बहुत कम समय के लिए लेकिन उसके बाद कभी नहीं। लेकिन, मैं राज कपूर के शुरुआती दौर की खास तौर पर प्रशंसा करता हूं। उन्होंने एक अलग तरह से एक आम आदमी का किरदार निभाया, एक ऐसा आदमी जो लड़खड़ाता है और गलतियां करता है। ’’

पालेकर (80) ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘उनकी शुरुआती फ़िल्में वैसी ही थीं जैसी आज वामपंथी सोच के तौर पर देखी जाती हैं... वे सभी फ़िल्में एक आम आदमी की हैं, एक शोषित व्यक्ति जो आलोचना कर रहा है, व्यवस्था के बारे में टिप्पणी कर रहा है। ऐसे थे राज कपूर।’’ शर्मिला टैगोर ने 'अभिनय को एक अद्भुत पेशा' बनाने का श्रेय राज कपूर और दिलीप कुमार को दिया।

टैगोर ने कहा, ‘‘दिलीप कुमार और राज कपूर से लेकर इन सभी ने सिनेमा में अपना योगदान दिया है। हम सभी अपने महापुरुषों के बहुत आभारी हैं। राज कपूर की सभी फ़िल्में फिर से सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हैं। मुझे उम्मीद है कि लोग इन्हें देखेंगे। ’’

Advertisement

माधुरी दीक्षित ने राज कपूर को एक जुनूनी और दूरदर्शी फिल्मकार के रूप में वर्णित किया, जो महान सिनेमा बनाने के लिए असाधारण दूरी तक जाने को तैयार थे। माधुरी ने कहा, ‘‘राज जी एक बहुत ही जुनूनी फिल्मकार थे। मैंने सुना है कि वह एक खूबसूरत फिल्म बनाने के लिए सेट बनाने या जो कुछ भी कर सकते थे, उसे करने के लिए अपना घर गिरवी रख देते थे या अपना घर तक बेच देते थे।’’

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने सोशल मीडिया पर राज कपूर के साथ एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की। धर्मेंद्र (89) ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रिय राज साहब, आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हम आपको बहुत याद करते हैं! आपको हमेशा बड़े प्यार और सम्मान के साथ याद किया जाएगा।’’

Advertisement

अनिल कपूर ने कहा कि राज कपूर का जन्मदिन न केवल उनके लिए बल्कि पूरे भारतीय फिल्म जगत के लिए विशेष है। वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ से विशेष पहचान बनाने वाले अभिनेता दिव्येंदु ने कहा कि कपूर ‘भारतीय सिनेमा के लेखक’ हैं। 

यह भी पढ़ें… जूनियर कलाकार ने प्रतिभाशाली और 'खुशमिजाज' फिल्मकार को याद किया

Published By : Sadhna Mishra

पब्लिश्ड 14 December 2024 at 22:24 IST