Mercy Trailer: इच्छामृत्यु पर बनी फिल्म ‘मर्सी’ का ट्रेलर दिल छू लेगा, ग्लोबल लेवल पर सम्मान जीतने के बाद अब भारत में होगी रिलीज
Mercy Trailer: फिल्म 'मर्सी' इच्छामृत्यु (Passive Euthanasia) और मानवीय गरिमा जैसे विषयों पर आधारित है जिसमें एक परिवार को बड़ा चुनौती भरा फैसला लेना पड़ता है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Mercy Trailer: कई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में धमाल मचाने के बाद अब फिल्म 'मर्सी' जल्द 24 अप्रैल को भारत में रिलीज होने जा रही है। मितुल पटेल के निर्देशन में बनी फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया जिसे देख लोग इमोशनल हो गए हैं।
फिल्म 'मर्सी' इच्छामृत्यु (Passive Euthanasia) और मानवीय गरिमा जैसे विषयों पर आधारित है जिसमें एक परिवार को बड़ा चुनौती भरा फैसला लेना पड़ता है। फिल्म में आदिल हुसैन, राज वासुदेवा, निहारिका रायजादा, कुणाल भान, अपर्णा घोषाल और अजिनक्या मिश्रा अहम रोल में नजर आ रहे हैं।
इच्छामृत्यु पर बनी फिल्म 'मर्सी' का ट्रेलर रिलीज
'मर्सी' के ट्रेलर में दिखाया गया है कि एक बेटे को अपनी बीमार मां का लाइफ सपोर्ट सिस्टम बंद करने की नैतिक दुविधा का सामना करना पड़ता है। इस फिल्म के जरिए मेकर्स ने ये दिखाने की कोशिश की है कि कैसे प्यार का सबसे सबसे बड़ा कार्य होता है जाने देना।
फिल्म में दिखाया जाएगा कि क्रिसमस की पूर्व संध्या पर मुंबई में एक परिवार ऐसे दोराहे पर खड़ा होता है जहां उन्हें किसी की जिंदगी और मौत से जुड़ा बड़ा फैसला लेना है। इस फैसले से उन सबकी जिंदगी पलट जाएगी। फिल्म राज वासुदेवा के किरदार शेखर के इर्द-गिर्द घूमती है जो प्रेम, जिम्मेदारी और एक मुश्किल सवाल के बीच फंसा है।
Advertisement
कान्स फिल्म महोत्सव में हुआ था 'मर्सी' का ट्रेलर लॉन्च
बता दें कि 'मर्सी' का ट्रेलर 2024 के कान्स फिल्म महोत्सव में ऑफिशियली लॉन्च किया गया था। फिल्म की यूके एशियन फिल्म फेस्टिवल, स्टटगार्ट में इंडियन इंटरनेशनल फेस्टिवल, मेलबर्न में इंडियन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, बार्सिलोना में लव एंड होप इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल और लंदन इंडिपेंडेंट फिल्म फेस्टिवल सहित दुनियाभर के कई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीनिंग हो चुकी है।
इसके अलावा, फिल्म 'मर्सी' ने लंदन इंडिपेंडेंट फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म का अवॉर्ड भी अपने नाम किया था। अब ये फिल्म आखिरकार भारत के सिनेमाघरों में धमाल मचाने वाली है।