अपडेटेड 25 January 2025 at 08:09 IST
छोटा राजन से लिंकअप रूमर्स, गैंगस्टर से शादी, 2000 करोड़ का ड्रग्स केस... संन्यासी बनने से पहले खूब विवादों में रहीं ममता
Mamta Kulkarni: ममता कुलकर्णी ने संन्यास ले लिया है। छोटा राजन संग लिंकअप से लेकर ड्रग्स केस में नाम आने तक... उनकी जिंदगी अक्सर विवादों में रही है।
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read

Mamta Kulkarni: एक समय पर बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत एक्ट्रेस की लिस्ट में शुमार ममता कुलकर्णी ने महाकुंभ में संन्यास ले लिया है। 90 के दशक की मशहूर अदाकारा 25 साल बाद भारत लौटी थीं और आते ही किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बन गई हैं। ममता का पूरा जीवन ही विवादों से भरा रहा है। ऐसे में उनका ये फैसला लोगों के लिए काफी हैरान करने वाला था।
ममता कुलकर्णी को हिंदी सिनेमा की आइकॉनिक फिल्म ‘करण अर्जुन’ के लिए जाना जाता है जिसमें उन्होंने सलमान खान के अपोजिट काम किया था। हालांकि, अचानक ही वो फिल्मों की दुनिया से गायब हो गईं। उनका नाम एक गैंगस्टर के साथ जोड़ा गया और बाद में उनपर ड्रग्स केस में शामिल होने के आरोप भी लगाए गए।
ममता कुलकर्णी ने लिया संन्यास
ममता ने अपना पिंडदान कर दिया है। इसके अलावा, उन्हें नया नाम भी दिया गया है। महाकुंभ में भगवा वस्त्र पहने पूर्व एक्ट्रेस की तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं। उन्होंने कहा, "यह महादेव, महाकाली का आदेश था। यह मेरे गुरु का आदेश था। उन्होंने यह दिन चुना। मैंने कुछ नहीं किया।" उन्हें अब यमाई ममता नंद गिरि के नाम से जाना जाएगा। जूना अखाड़े की आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने ममता को दीक्षा दी।
अचानक गुमनामी में खोने वालीं ममता कुलकर्णी
ममता कुलकर्णी ने बॉलीवुड के साथ साथ कुछ साउथ की फिल्मों में भी काम किया था। ममता ने 1991 में तमिल फिल्म 'ननबरगल' से अपना फिल्मी करियर शुरू किया था और फिर उसी साल 'मेरा दिल तेरे लिए' से बॉलीवुड में कदम रखा। उन्होंने 1992 में ‘तिरंगा’ में भी काम किया था लेकिन पहचान उन्हें 1993 की फिल्म ‘आशिक आवारा’ से मिली। उन्होंने 10 साल के अंदर-अंदर करीब 50 फिल्में की जिनकी वजह से उनकी एक बोल्ड इमेज बन गई थी। उनके किरदारों से ज्यादा उनके गाने पॉपुलर हुए जैसे कि ‘घातक’ का ‘कोई जाए तो ले आए’, ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’ से ‘भरो मांग मेरी भरो’ और ‘बेताज बादशाह’ से ‘चूड़ियां बजाऊंगी प्रेम धुन गाऊंगी’। फिर एक मैगजीन के लिए कराए टॉपलेस फोटोशूट ने उनका इंडस्ट्री में ऐसा भौकाल मचा दिया जिसके चर्चे अंडरवर्ल्ड तक खूब हुए।
Advertisement
अंडरवर्ल्ड की धमकी के बाद वापस मिली फिल्म!
1998 में ममता कुलकर्णी और अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन का रिलेशनशिप काफी सुर्खियों में रहा। ऐसा माना जाता है कि राजकुमार संतोषी ने कुलकर्णी को ‘चाइना गेट’ में कास्ट किया था। हालांकि, किसी वजह से उन्हें बीच फिल्म से ही निकाल दिया गया। फिर फिल्मममेकर को कथित तौर पर राजन और उसके सहयोगियों से धमकियां मिलीं जिसे बाद कुलकर्णी को फिल्म में वापस लिया गया।
जब फिल्म फ्लॉप हो गई तो ममता ने संतोषी पर शूटिंग के दौरान कथित तौर पर उनके साथ यौन संबंध बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि फाइनल कट में उनका स्क्रीन टाइम कम कर दिया गया।
Advertisement
ड्रग डीलर के साथ ‘शादी’ भी बनी चर्चा का विषय
ये बात है 90 के दशक की जब दुबई में एक परफॉर्मेंस के दौरान ममता कुलकर्णी की मुलाकात एक ड्रग डीलर विक्की गोस्वामी से हुई थी। खबरों की माने तो, जब गोस्वामी गिरफ्तार हुआ था तो उसने कथित तौर पर अपने कारोबार की सारी जिम्मेदारी कुलकर्णी को दे दी थी।
ममता ने 2013 में गोस्वामी से कथित तौर पर शादी कर ली थी जिस दावे को वो आज तक ठुकराती आई हैं। फिर 2016 में 2000 करोड़ रुपये के ड्रग्स मामले में पूर्व एक्ट्रेस का नाम सामने आया जिसमें गोस्वामी भी शामिल था। हालांकि, ममता तब भारत में नहीं रहती थीं और उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया गया। कुलकर्णी ने पिछले साल दिए बयान में कहा था कि उनकी 2016 से विक्की से बात नहीं हुई है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 25 January 2025 at 08:09 IST