Mumbai Metro Pillar Collapse: मुंबई मेट्रो पिलर हादसे से टूटा ऋतिक रोशन का दिल, सिस्टम पर उठाए सवाल; लिखा लंबा-चौड़ा पोस्ट
Hrithik Roshan: मुलुंड हादसे पर बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने हादसे को दिल तोड़ने वाला बताया। साथ ही, कंस्ट्रक्शन वर्कर्स और आम लोगों के लिए सख्त सुरक्षा उपायों की मांग की।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Hrithik Roshan on Mulund Metro Pillar Collapse: मुंबई के मुलुंड में 14 फरवरी को हुए मेट्रो हादसे ने देशभर को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में हुई मौत पर बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन ने दुख जताया है। उन्होंने शोक जाहिर करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
ऋतिक रोशन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर हादसे को दिल तोड़ने वाला बताया। उन्होंने लिखा, 'यह दिल तोड़ने वाला और दर्दनाक है। मृतक के परिजन के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के जल्दी ठीक होने की दुआ करता हूं।'
हादसे पर ऋतिक रोशन ने मांगी जवाबदेही
एक्टर ने आगे शहर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर लिखा, 'जवाबदेही तय करने के लिए अधिकारियों द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई सराहनीय है। लेकिन मुंबई की व्यस्त सड़कों पर चल रहे विकास कार्यों के बीच सेफ्टी चेक और ऐसे हादसों को रोकना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।'
लोगों की सुरक्षा सबसे जरूरी- एक्टर
उन्होंने आगे लिखा, 'कंस्ट्रक्शन वर्कर्स और आम लोगों की सेफ्टी सबसे जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए सख्त नियम और प्रोटोकॉल पक्का करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।'
Advertisement
मेट्रो पिलर हादसे में अब तक क्या-क्या हुआ?
शनिवार दोपहर को मुंबई के मुलुंड इलाके में निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन नंबर-4 के पिलर का स्लैब गिर गया. जिससे इसकी चपेट में नीचे से गुजर रहे वाहन आ गए। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो ठेकेदार कंपनियों के पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रोजेक्ट डायरेक्टर हरीश चौहान, प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सापकळ, डिप्टी मैनेजर सौरभ सिंह, सुपरवाइजर
प्रशांत भोइर और प्रोजेक्ट मैनेजर अवधूत इनामदार शामिल हैं।
Advertisement
जानकारी के अनुसार, मुलुंड पुलिस स्टेशन में मिलान रोड बिल्डटेक और DB Hill LBG के अधिकारियों के खिलाफ धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही कहा गया कि घायलों के इलाज का खर्च सरकार और MMRDA उठाएगा। साथ ही, एहतियार के तौर पर शहर के ऐसे सभी निर्माण स्थलों की सुरक्षा ऑडिट कराने की बात कही गई है।