Force 3 के सेट पर हर्षवर्धन राणे को देख बेकाबू हुए फैंस, गुजरात में शूटिंग रुकने पर एक्टर ने मांगी टीम से माफी
Harshvardhan Rane: गुजरात में 'फोर्स 3' की शूटिंग के दौरान हर्षवर्धन राणे की एक झलक पाने के लिए फैंस की भीड़ जमा हो गई। उसके कई वीडियो वायरल हो रहे हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Harshvardhan Rane: गुजरात में 'फोर्स 3' की शूटिंग बड़े जोरों-शोरों से चल रही है जिसमें जॉन अब्राहम और हर्षवर्धन राणे अहम किरदार में नजर आएंगे। फिलहाल फिल्म की टीम ने किसी कॉलेज में सेट लगाया है जहां हर्षवर्धन को देखने के लिए फैंस की भीड़ जुट गई। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें एक्टर को भीड़ ने घेरा हुआ है।
सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि कैसे ‘सनम तेरी कसम’ स्टार को देखने के लिए फैंस बैरिकेड वाले क्षेत्र के बाहर जमा हो गए। बाद में हर्षवर्धन राणे का एक और वीडियो वायरल हुआ जिसमें वो भीड़ के बीच शांत खड़े नजर आ रहे हैं।
फैंस के बीच फंसे हर्षवर्धन राणे ने मांगी माफी
हर्षवर्धन राणे युवाओं के बीच काफी पॉपुलर हैं। ‘सनम तेरी कसम’ और ‘एक दीवाने की दीवानियत’ जैसी इंटेंस लव स्टोरी फिल्में देकर वो धीरे-धीरे फैंस के चहेते हो गए हैं। ऐसे में जब उन्हें गुजरात में शूट करते देखा गया तो उनके साथ सेल्फी खिंचवाने के लिए फैंस की भीड़ जमा हो गई। एक वायरल वीडियो में एक्टर को हाथ जोड़कर फैंस से विनम्रतापूर्वक शोर कम करने की रीक्वेस्ट करते देखा जा सकता है ताकि शूटिंग बिना किसी रुकावट के जारी रह सके।
बाद में राणे ने सोशल मीडिया के जरिए भी इस घटना पर रिएक्ट किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शूटिंग लोकेशन से एक क्लिप साझा करते हुए लिखा, “गुजरात में ‘फोर्स 3’ की शूटिंग। साउंड डिपार्टमेंट, डायरेक्शन टीम और लोकल प्रोडक्शन टीम… और @minnakshidas और @simaabrahmi से माफी चाहता हूं।”
Advertisement
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेट पर मौजूद क्रू सदस्यों ने बताया कि रुकावट कुछ ही मिनटों तक रही और उसके बाद शूटिंग फिर से शुरू हो गई। भीड़ के शांत होने और बैरिकेड्स के पास व्यवस्था बहाल होने के बाद, प्रोडक्शन टीम ने शूटिंग फिर से शुरू कर दी।
'फोर्स 3' के साथ लौट रहे जॉन अब्राहम
‘फोर्स 3’, जॉन अब्राहम की लोकप्रिय एक्शन फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट है। इस फ्रेंचाइजी के पिछले दोनों पार्ट्स बॉक्स ऑफिस पर अपने एक्शन सीन्स के चलते सफल रहे। ‘फोर्स 3’ में जॉन अब्राहम और हर्षवर्धन राणे के अलावा तान्या मानिकतला भी अहम रोल में दिखाई देंगी।