Happy Birthday Paintal: दिन को शूटिंग, रात को जन्मदिन मनायेंगे पेंटल, 56 साल में 350 फिल्में करने वाले अभिनेता बोले 'कभी खाली नहीं बैठा'
प्रसिद्ध हास्य अभिनेता पेंटल (कंवरजीत पेंटल) का आज जन्मदिन है। पंजाब के तरन तारन में 22 अगस्त 1948 को सिख परिवार में जन्मे कंवलजीत पेंटल आज 79 साल के हो गए हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

प्रसिद्ध हास्य अभिनेता पेंटल (कंवरजीत पेंटल) का आज जन्मदिन है। पंजाब के तरन तारन में 22 अगस्त 1948 को सिख परिवार में जन्मे कंवलजीत पेंटल आज 79 साल के हो गए हैं। सन 1970 में फिल्म उमंग से अपना फिल्म करियर शुरू करने वाले पेंटल ने पहले 'फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट' पुणे से अभिनय का प्रशिक्षण लिया। लेकिन मुंबई पहुंचने पर थोड़े संघर्ष के बाद ही पेंटल को ‘मेरे अपने’ और ‘लाल पत्थर’ जैसी फिल्मों से ऐसी सफलता मिली कि वह जल्द ही कॉमेडी स्टार बनने की राह पर बढ़ गए।
अब तक 350 फिल्में कर चुके हैं
पेंटल अपने अब तक के फिल्म करियर में करीब 350 फिल्में कर चुके हैं। जिनमें जवानी दीवानी, आज की ताजा खबर, हीरा पन्ना, पिया का घर, रफूचक्कर, मनोरंजन, खोटे सिक्के, सत्ते पे सत्ता और दोस्ताना जैसी कितनी ही यादगार फिल्में शामिल हैं। उन्हें अपनी फिल्म बावर्ची और चला मुरारी हीरो बनने के लिए फिल्मफेयर का नामांकन भी मिला।
फिल्मों के साथ वह सीरियल भी करते रहे। जिनमें बी आर चोपड़ा के महाभारत सीरियल में शिखंडी और नारद की गई विभिन्न भूमिकाएं बहुत पसंद की गईं। महाभारत में इनके बड़े भाई गूफी पेंटल ने शकुनि मामा की भूमिका से इस सीरियल को सफल बनाने में अपना अहम योगदान दिया था।
जन्मदिन के दिन भी शूटिंग
पेंटल ने आज एक बातचीत में बताया, "जन्मदिन निश्चय ही सभी को अच्छा लगता है। लेकिन मैं आज भी सीरियल 'तू ही रे दिल में' की शूटिंग कर रहा हूं। लेकिन शूटिंग के बाद रात को अपने परिवार के साथ जन्मदिन का छोटा सा जश्न मनाऊंगा। केक भी काटूंगा और परिवार के साथ बैठकर गपशप भी करूंगा।"
Advertisement
फिल्मों में 56 साल से ज्यादा हुए
पेंटल आगे बताते हैं “मेरी हमेशा इच्छा रहती है कि जन्मदिन के दिन भी शूटिंग हो। मेरे लिए काम ही पूजा है। मुझे फिल्मों में काम करते हुए 56 साल से ज्यादा हो गए। लेकिन मुझे खुशी है कि इतने बरसों बाद भी मुझे काम मिल रहा है। साथ ही मेरे काम को पसंद किया जा रहा है। मैं कभी खाली नहीं बैठा। फिल्मों में, टीवी में अभिनय भी किया। साथ ही पुणे फिल्म संस्थान सहित कुछ और संस्थानों में अभिनय की शिक्षा भी दी। आज भी ये दोनों काम चल रहे हैं। मैं अपने काम, अपनी अभिनय यात्रा से संतुष्ट हूं। आगे भी यह यात्रा ऐसे ही चलती रहे इसके लिए मुझे सभी दर्शकों, दोस्तों का वही प्यार चाहिए जो उन्होंने मुझे अभी तक दिया।”