Ganesh Chaturthi 2026: हिन्दी फिल्मों के गणेश जी पर बने फिल्म गीतों की सदा रही है धूम

देश में गणेश चतुर्थी और उत्सव की सर्व व्यापी मान्यता और लोकप्रियता में हमारी फिल्मों में गणेश जी को लेकर बने कुछ गीतों की भी अहम भूमिका रही है।

Ganesh ji bollywood
Ganesh ji bollywood | Image: agneepath

पिछले कुछ वर्षों से गणेश उत्सव अब देश भर में लोकप्रिय हो गया है। लेकिन कुछ वर्ष पहले तक यह मूलतः महाराष्ट्र में ही सर्वाधिक प्रचलित था। लेकिन आज गणेश उत्सव के प्रति भक्ति, आस्था के गहरे रंग देश के विभिन्न राज्यों में खूब देखे जा सकते हैं। देश में गणेश चतुर्थी और उत्सव की सर्व व्यापी मान्यता और लोकप्रियता में हमारी फिल्मों में गणेश जी को लेकर बने कुछ गीतों की भी अहम भूमिका रही है। साथ ही कितनी ही फिल्मों में गणेश उत्सव को दिखाते हुए गणेश जी की पूजा और विधि विधान से प्रतिमा स्थापना और फिर प्रतिमा विसर्जन के दृश्य भी दर्शकों को लुभाते रहे हैं। 

उधर कई फिल्म सितारे भी जिस तरह अपने अपने घरों में गणेश जी की स्थापना करके जिस श्रद्धा भाव से पूजा पाठ करते हैं, उस सब से भी गणेश जी के प्रति अन्य जन भी अपने यहाँ गणेश उत्सव मनाने लगे। हालांकि अब भी गणेश उत्सव पर जो उत्साह महाराष्ट्र कर और विशेषकर मुंबई जनों का दिखता है वह अनुपम है। लेकिन गुजरात, दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान,गोवा के साथ तेलंगाना, कर्नाटक तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में इसे उत्साह से मनाया जाता है। 

आइए आपको बताते हैं कि वो कौनसे फिल्म गीत हैं जो बरसों बाद आज भी देश-विदेश में बेहद लोकप्रिय हैं- 

फिल्म ‘अग्निपथ’ का गीत ‘देवा श्रीगणेश’

ऐसे गीतों में सन 2012 में आई फिल्म ‘अग्निपथ’ का गीत ‘देवा श्रीगणेश’ ने तो लोकप्रियता के नए आयाम बनाए। आज भी यह गीत इन दिनों जगह जगह खूब सुना जा सकता है। अजय- अतुल संगीत के संगीत में इस गीत को अजय गोगावाले ने अपने स्वर दिए। इस गीत के दौरान परदे पर ऋतिक रोशन और प्रियंका चोपड़ा की मौजूदगी इसे और खूबसूरत बना देती है। 

Advertisement

फिल्म ‘डॉन’ का ‘मोरया रे’ 

फिल्म ‘डॉन’ का मोरया रे गीत फिल्म प्रदर्शन के 20 साल बाद आज भी अत्यधिक लोकप्रिय है। इस गीत को शंकर महादेवन ने इतनी ऊर्जा और खूबसूरती से गाया कि समा ही बंध गया। गीत की धुन बनाने में भी शंकर के साथ उनकी त्रिवेणी के अहसान और लॉय भी साथ हैं। सन 2006 में प्रदर्शित ‘डॉन’ में जब ‘मोरया रे’ गीत आया तो सारा सभागार इस गीत को देख भक्ति रंग में रंग गया। 

गजानन’, ‘देवा हो देवा’ और गणेश जी की आरती 

इन दो गीतों के अतिरिक्त 2015 में संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ का पारंपरिक गीत ‘गजानन’ और 1999 की संजय दत्त की चर्चित फिल्म ‘वास्तव’ की गणेश जी की मधुर आरती ‘शेंन्दुर लाल चढ़ायो’ तो गणेश भक्तों में बेहद पसंदीदा हैं। फिर 1981 में प्रदर्शित फिल्म ‘हमसे बढ़कर कौन’ का गीत ‘देवा हो देवा’ भी पिछले 45 वर्षों से लगातार लोकप्रियत बना हुआ है। 

Advertisement

इसे भी पढ़ें- जीतेंद्र के घर आए गणपति बप्पा, बेटे तुषार कपूर ने शेयर की फोटो

Published By:
 Kritarth Sardana
पब्लिश्ड