सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी: मृतक आरोपी का परिवार पहुंचा अदालत

Salman Khan House Firing: पुलिस का दावा है कि थापन ने हवालात में आत्महत्या की जबकि उसकी मां रीता देवी ने शुक्रवार को उच्च न्यायालय में दायर अपनी याचिका में आरोप लगाया कि उसके बेटे की हत्या की गई है।

salman khan firing cctv footage
सलमान खान के घर पर फायरिंग | Image: Social Media

Salman Khan House Firing: मुंबई में अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी से जुड़े मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में मारे गए आरोपी अनुज थापन के परिवार ने उसकी मौत की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराए जाने की मांग करते हुए बंबई उच्च न्यायालय का रुख किया है।

पुलिस का दावा है कि थापन ने हवालात में आत्महत्या की जबकि उसकी मां रीता देवी ने शुक्रवार को उच्च न्यायालय में दायर अपनी याचिका में आरोप लगाया कि उसके बेटे की हत्या की गई है।

याचिका में देवी ने उच्च न्यायालय से सीबीआई को उसके बेटे की मौत के मामले की जांच सौंपने का अनुरोध किया है।

याचिका में आरोप लगाया गया कि पुलिस ने हिरासत में थापन को पीटा और उसे प्रताड़ित किया।

Advertisement

इसमें उच्च न्यायालय से यह भी अनुरोध किया गया है कि वह पुलिस को उस पुलिस थाने और हवालात की सीसीटीवी फुटेज सौंपने का निर्देश दे जहां थापन को रखा गया था।

याचिकाकर्ता ने गोलीबारी की घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के 24 अप्रैल से दो मई तक के कॉल डेटा रिकॉर्ड (सीडीआर) को संरक्षित करने का अनुरोध किया।

Advertisement

याचिका में थापन के शव का फिर से पोस्टमार्टम कराए जाने का निर्देश दिए जाने का अनुरोध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की घटना के सिलसिले में थापन, सोनू बिश्नोई, कथित शूटर सागर पाल और विक्की गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई को वांछित आरोपी के तौर पर नामजद किया गया है।

गोलीबारी की घटना के लिए हथियार और गोलियां मुहैया कराने के आरोपी थापन को 26 अप्रैल को उसके सहयोगी सोनू बिश्नोई के साथ पंजाब से गिरफ्तार किया गया था लेकिन मुंबई अपराध शाखा की जेल के शौचालय के अंदर बुधवार को उसका शव लटका हुआ पाया गया।

इस बीच, पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के प्रावधान लागू किए।

Published By:
 Sakshi Bansal
पब्लिश्ड