अपडेटेड 18 January 2025 at 13:10 IST
Saif Health Update: सैफ अली खान की अब कैसी है हालत, कब मिलेगी अस्पताल से छुट्टी? डॉक्टर ने दिया ताजा अपडेट
डॉक्टर ने बताया कि सैफ की हालत में सुधार हो रहा है। वह चल-फिर रहे हैं और सामान्य आहार ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि खान को दो से तीन दिन में छुट्टी मिलने की उम्मीद है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Saif Ali Khan Health Update: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान की हालत में सुधार हो रहा है और दो से तीन दिन में उन्हें छुट्टी मिलने की उम्मीद है। चिकित्सकों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सैफ के मुंबई स्थित घर में एक घुसपैठिए ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।
खान (54) पर बृहस्पतिवार की सुबह बांद्रा में 12वीं मंजिल स्थित उनके फ्लैट में एक व्यक्ति ने चाकू से कई बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अभिनेता पर गर्दन और रीढ़ समेत कई जगहों पर चाकू से वार किया गया, जिसके बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में उनकी आपातकालीन सर्जरी की गई।
अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि अभिनेता को गहन चिकित्सा इकाई से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। वह चल-फिर रहे हैं और सामान्य आहार ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि खान को दो से तीन दिन में छुट्टी मिलने की उम्मीद है।
लीलावती अस्पताल के न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे ने शुक्रवार को कहा था, ‘‘हम उनकी प्रगति पर नजर रख रहे हैं और हमारी उम्मीदों के मुताबिक वे बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं। उनकी प्रगति के अनुसार, हमने उन्हें आराम करने की सलाह दी है और अगर वे सहज महसूस करते हैं, तो दो से तीन दिनों में हम उन्हें छुट्टी दे देंगे।’’
Advertisement
उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी जांच की और उन्हें चलने-फिरने में मदद की। डांगे ने कहा था कि खान के शरीर में तीन जख्म थे, दो हाथ पर और एक गर्दन के दाईं ओर तथा सबसे ज्यादा चोट पीठ पर लगी थी, जो रीढ़ की हड्डी में थी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने पीठ से धारदार वस्तु (चाकू) निकाल दी है और रीढ़ की हड्डी की चोट को ठीक कर दिया है। पुलिस ने हमलावर का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए 30 से अधिक टीमें बनाई हैं।
Advertisement
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 18 January 2025 at 13:10 IST