Dhurandhar 2: कैसे शूट हुआ 'अतीक अहमद एनकाउंटर' वाला सीन, 'गुड्डू मुस्लिम' की पहले से थी तैयारी? एक्शन डायरेक्टर ने किया खुलासा
स्पाई थ्रिलर 'धुरंधर: द रिवेंज' के हरेक सीन पर बारीकी से काम किया गया है। इन्हीं में से एक आतिफ अहमद वाला सीन रहा, जिसने लोगों को खासा प्रभावित किया। अब इस सीन के फिल्माए जाने को लेकर फिल्म के एक्शन डायरेक्टर ने बड़ा खुलासा किया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Dhurandhar 2: आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर 'धुरंधर: द रिवेंज' (Dhurandhar: The Revenge) बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए झंडे गाड़ रही है। रणवीर सिंह (Ranveer Singh) स्टारर फिल्म का महज 5 दिन के भीतर ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त दबदबा देखने को मिल रहा है। फिल्म के हरेक सीन पर बारीकी से काम किया गया है। इन्हीं में से एक आतिफ अहमद वाला सीन है जिसने दर्शकों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस बीच, 'धुरंधर' के एक्शन डायरेक्टर एजाज गुलाब ने इस सीन के शूट के पीछे की कहानी बताई है।
एजाज गुलाब कहते हैं कि रियल घटना को रील में रीक्रिएट करना बहुत मुश्किल होता है। ऐसा इसलिए क्योंकि लोगों को बखूबी याद रहता है कि असल में क्या हुआ था। हालांकि, कई रिहर्सल के बाद सीन को आधी रात में ही फिल्मा लिया गया था।
कितना मुश्किल रहा आतिफ वाला सीन फिल्माना?
डिजिटल कमेंट्री से बातचीत में एजाज गुलाब ने 'धुरंधर' और उसके सीक्वल को लेकर ढेर सारी बातचीत की। आतिफ अहमद के शूट वाले सीन को लेकर भी सवाल हुआ। 'जब आप रियल घटना को रेप्लिकेट (किसी चीज की सटीक नकल करना) करते हैं तो वो आसान होता है या चुनौतियों से भरा होता है? इस सवाल का एजाज गुलाब ने बड़ी ही सच्चाई से जवाब दिया।
'लाइव घटना को शूट करना चैलेंजिंग क्योंकि…'
उन्होंने कहा, 'बहुत मुश्किल होता है। रियल सीक्वेंस को रीयल तरीके से रेप्लिकेट करना बहुत ज्यादा मुश्किल है। क्योंकि लोग पहले ही इस घटना को न्यूज चैनल पर देख चुके हैं। ऐसे में दर्शकों को मालूम है कि उसे किस तरह से मारा गया था, क्योंकि सभी ने लाइव देखा हुआ था। लाइव को उसी तरह से फिल्माना बहुत चैलेंजिंग है कि पुलिस कहां होगी, कैरेक्टर कहां होगा, बंदा कहां से आएगा, कितनी गोलियां चलानी है, कैसे चलानी है और सरेंडर भी बिल्कुल उसी टाइम पर करना है। तो उस सीन में सबकुछ बिल्कुल सेम करना था।'
Advertisement
'आधी रात में पूरा सीन किया शूट'
एक्शन डायरेक्टर ने आगे कहा, 'अतीक अहमद वाले किरदार के सीन को हमने बहुत शॉर्ट टाइम में शूट किया, उसका भी अपना एक कारण है। हमने आधी रात तक पूरा सीन शूट कर लिया था। वो सीक्वेंस भी छोटा था और हमें उसे करना भी बिल्कुल असल तरीके से था। हमने इस सीन के लिए पहले ही रिहर्सल कर ली थी। इसके बावजूद बिल्कुल रीयल घटना की तरह सीन शूट करना मुश्किल था। ऐसे सीन को शूट करते वक्त आप उस दायरे में बंध जाते हैं कि उससे बाहर नहीं जाना है। अगर थोड़ा भी दायरे से बाहर गए तो वो नोटिस हो जाएगा। लेकिन अगर अपना रीक्रिएशन हो तो उसे अपने हिसाब से बढ़ाया और घटाया जा सकता है।'
किसने निभाया आतिफ अहमद का किरदार?
बता दें कि 'धुरंधर 2' में सलीम सिद्दीकी ने आतिफ अहमद का किरदार निभाया है, जो कि माफिया अतीक अहमद से प्रेरित बताया जा रहा है। फिल्म में उनका रंग-रूप, चाल-ढाल बिल्कुल रीयल कैरेक्टर से मैच कर रही है। ऐसे में सलीम सिद्दीकी के किरदार और काम की जमकर सराहना हो रही है।