अपडेटेड 20 March 2026 at 08:49 IST

न बड़े साहब के सस्पेंस में मजा, न म्यूजिक रहा कमाल… कैसे चाहकर भी सीक्वल में Dhurandhar जैसा जादू नहीं चला पाए आदित्य धर

Dhurandhar The Revenge: ‘धुरंधर द रिवेंज’ में बहुत से पटाखे फूटने की उम्मीद थी जिसने काफी हद तक दर्शकों को खुश भी किया लेकिन पहले पार्ट जैसा सिनेमैटिक मास्टरपीस रीक्रिएट नहीं हो पाया।

Follow : Google News Icon  
Dhurandhar The Revenge
Dhurandhar The Revenge | Image: youtube

Dhurandhar The Revenge: रणवीर सिंह की ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ का मोस्ट अवेटिड सीक्वल ‘धुरंधर द रिवेंज’ आखिरकार सिनेमाघरों में दस्तक दे चुका है। पहला पार्ट शानदार रहा जिसने जबरदस्त कमाई की। इससे ज्यादा कमाल करने की उम्मीदें सीक्वल से थी लेकिन फिल्म देखने के बाद कहीं ना कहीं दर्शकों को निराशा हाथ लगी। बेशक ‘धुरंधर द रिवेंज’ लगभग चार घंटे की एक वेल-मेड फिल्म है लेकिन जैसा जादू और जैसा कहर ‘धुरंधर’ ने बड़े पर्दे पर किया, उसे खुद आदित्य धर भी अपने सीक्वल से टक्कर नहीं दे पाए।

‘धुरंधर द रिवेंज’ वैसे तो 19 मार्च को दुनियाभर के थिएटर में रिलीज हुई थी लेकिन इसके कुछ गिने-चुने शो 18 मार्च की शाम से ही लगने शुरू हो गए थे। इतनी लंबी फिल्म होने के बाद भी टिकट की डिमांड इतनी ज्यादा थी कि हजारों में बिक रही थीं। बाद में लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने रिएक्शन साझा किए लेकिन इस बार वो खुद मान रहे हैं कि ‘धुरंधर 2’ में पहले पार्ट जैसी बात नहीं थी।

‘धुरंधर 2’ में अक्षय खन्ना को फैंस ने किया मिस

डायरेक्टर आदित्य धर ने पहले पार्ट के क्लाइमैक्स में ही खुलासा कर दिया था कि रणवीर का असली नाम जसकीरत सिंह रंगी है जिसका एक भयानक अतीत है और अब उसे हिंदुस्तानी एजेंट बनाकर मिशन धुरंधर के तहत पाकिस्तान भेजा जा रहा है। ‘धुरंधर द रिवेंज’ में जसकीरत की बैक स्टोरी दिखाई गई। वो फौज की ट्रेनिंग ले रहा होता है जब उसके बाप और बहन का कत्ल हो जाता है। फिर कैसे एक 21 साल का लड़का बदला लेने विधायक के घर में घुस जाता है, वो पूरा एक्शन सीन देखने में जबरदस्त था। 

फिर कहानी आगे बढ़ती है और ल्यारी में रहमान डकैत की मौत से कंटिन्यू होती है। फैंस ने सीक्वल में अक्षय खन्ना को काफी मिस किया। रणवीर ने अपने दमदार परफॉर्मेंस से खन्ना की कमी को भरने की पूरी कोशिश की लेकिन कहीं ना कहीं नाकाम रहे। फैंस को उम्मीदें थीं कि जैसे ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना सुपरस्टार बनकर उभरे, ‘धुरंधर 2’ में वो कारनामा मेजर इकबाल बने अर्जुन रामपाल करेंगे लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। सीक्वल में जरूर रामपाल का स्क्रीन टाइम ज्यादा था लेकिन वो उस तरह के जल्लादी विलेन बनकर खौफ पैदा नहीं कर पाए जैसा पहले पार्ट में वादा किया गया था। चौधरी असलम के रोल में संजय दत्त का काम पहले पार्ट जैसा ही शानदार था। 

Advertisement

बड़े साहब के राज का खुलासा भी रहा फीका

‘धुरंधर 2’ में आदित्य धर ने असल जिंदगी से जुड़ी कई घटनाएं दिखाईं जिनमें नोटबंदी से लेकर अतीक अहमद और दाऊद इब्राहिम तक शामिल थे। फिल्म में ये खुलकर दिखाया गया कि आखिर भारत सरकार ने नोटबंदी जैसा बड़ा फैसला क्यों लिया। कैसे नरेंद्र मोदी के भारतीय प्रधानमंत्री बनने के बाद पाकिस्तान में हलचल मच गई थी। यामी गौतम के कैमियो को लेकर इतना हाइप बनाया गया लेकिन उनका कुछ सेकंड का सीन कब आया, कब गया, पता ही नहीं लगा। 

और सबसे बड़ी बात, पहले पार्ट की रिलीज के बाद जो सबसे बड़ा सवाल था- बड़े साहब कौन है, इसका सस्पेंस भी ‘धुरंधर द रिवेंज’ में खुल गया। कभी सलमान खान, कभी इमरान हाशमी, इस किरदार के लिए कई सुपरस्टार के नाम आए लेकिन मेकर्स ने एक ऐसे एक्टर को मौका दिया जो ज्यादा पॉपुलर नहीं है। जैसा ज्यादातर लोगों ने पहले ही गेस कर लिया था, फिल्म में बड़े साहब कोई और नहीं, बल्कि भारत की "मोस्ट वांटेड लिस्ट" में शामिल दाऊद इब्राहिम था। ये किरदार दानिश इकबाल ने निभाया है। लेकिन अफसोस, उनका स्क्रीनटाइम काफी कम था और अपने एक-दो सीन में वो दर्शकों के इस उत्साह को बरकरार नहीं रख पाए।

Advertisement

दमदार नहीं था ‘धुरंधर द रिवेंज’ का म्यूजिक 

अब बात करते हैं ‘धुरंधर द रिवेंज’ के म्यूजिक एल्बम की। आमतौर पर मेकर्स को पुराने हिट गानों का रीमेक बनाने के लिए ट्रोल किया जाता रहा है लेकिन जिस तरह आदित्य धर ने पुराने आइकॉनिक गानों को मॉडर्न बीट्स और रैप के साथ मिलाया है और बड़ी ही चालाकी के साथ हर एक सीन में यूज किया है, वो वाकई काबिल-ए-तारीफ था। किसी भी फिल्म के हिट होने में उसका संगीत काफी अहम भूमिका निभाता है और ‘धुरंधर’ की कामयाबी में भी इसका काफी बड़ा हाथ था लेकिन सीक्वल में म्यूजिक इतना जोरदार और असरदार नहीं था। फैंस ने ‘शरारत’ जैसे आइटम सॉन्ग को भी काफी मिस किया।

‘धुरंधर द रिवेंज’ का फर्स्ट हाफ थोड़ा बोरिंग, स्लो और काफी खिंचा-खिंचा लग रहा था। मेकर्स ने ऐसी कहानी को सेट करने में इतना वक्त लगा दिया जो पहले से ही पहले पार्ट में सेट थी। हमजा अली मजारी (रणवीर सिंह) ने रहमान डकैत की मौत के बाद ‘किंग ऑफ ल्यारी’ और ‘शेर-ए-बलोच’ बनकर वापसी की। गैंग वॉर में अरशद पप्पू और उजैर बलोच जैसे विलेन काफी फीके रहे। फिल्म में स्पेशल मेंशन जाता है राकेश बेदी को जो ‘धुरंधर 2’ के सरप्राइज पैकेज निकले। हालांकि, बिना स्पॉइलर दिए बस इतना लिख सकते हैं कि क्लाइमैक्स में वो हैरान कर देंगे और आपका मुंह खुला कि खुला रह जाएगा। 

‘धुरंधर’ की बात ही कुछ और थी

रणवीर ने बेशक अपने करियर की बेस्ट परफॉर्मेंस दी। ट्रेलर देखने के बाद फैंस को हमजा की पत्नी यलीना का रोल करने वाली सारा अर्जुन से किसी धमाके की उम्मीद थी जिसे रणवीर का सच पता लग जाता है लेकिन वो पार्ट भी मेकर्स ने हल्के में निकाल दिया। सीक्वल में बहुत से पटाखे फूटने की उम्मीद थी जिसने काफी हद तक दर्शकों को खुश भी किया लेकिन ‘धुरंधर’ जैसा सिनेमैटिक मास्टरपीस रीक्रिएट नहीं हो पाया जो शायद मेकर्स को भी पता था। 

ये भी पढ़ेंः Dhurandhar The Revenge Day 1: बॉक्स ऑफिस पर कहर बनकर टूटे रणवीर सिंह, ओपनिंग पर ही 100 करोड़ पार, तोड़े कई रिकॉर्ड

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 20 March 2026 at 08:49 IST