‘BSF का मजाक…’; Border 2 की टीम पर क्यों बरस पड़े कांग्रेस सांसद? सनी देओल-वरुण धवन के इस वीडियो पर विवाद
Abhishek Singhvi Slams Border 2 Promotions: सनी देओल और वरुण धवन अपनी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का प्रमोशन जोरो-शोरों से कर रहे हैं। हालांकि, इवेंट के एक वीडियो पर कांग्रेस सांसद अभिषेक सिंघवी भड़क उठे।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Abhishek Singhvi Slams Border 2 Promotions: सनी देओल और वरुण धवन अपनी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का प्रमोशन जोरो-शोरों से कर रहे हैं। फिल्म के हर प्रमोशनल इवेंट में मेकर्स जवानों को भी शामिल करते हुए उन्हें ट्रिब्यूट दे रहे हैं। इसी कड़ी में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसकी कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ वकील डॉ. अभिषेक सिंघवी ने आलोचना की है।
अभिषेक सिंघवी ने अपने एक्स हैंडल के जरिए फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के प्रमोशन के तरीके को लताड़ लगाते हुए एक पोस्ट किया है जो तेजी से वायरल हो रहा है। उनका कहना है कि टीम BSF का मजाक उड़ा रही है।
बॉर्डर 2 की टीम पर भड़के अभिषेक सिंघवी
दरअसल, कांग्रेस सांसद अभिषेक सिंघवी ने जिस वीडियो को लेकर आपत्ति जताई है, वो ‘बॉर्डर 2’ के एक प्रमोशनल इवेंट की है। इसमें कुछ कलाकार BSF की यूनिफोर्म पहनकर परेड करते दिख रहे हैं जबकि पीछे से एक जीप आ रही हैं जिसमें सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी नजर आए।
इस वीडियो को रीशेयर करते हुए अभिषेक सिंघवी लिखते हैं- “ये बेहद चौंकाने वाला, अपमानजनक और BSF का घोर मजाक है। जवान वर्दी में परेड कर रहे हैं, जबकि बॉलीवुड कलाकार फिल्म प्रमोशन के लिए जीप में राजाओं की तरह आ रहे हैं। BSF की वर्दी कोई प्रोप नहीं है और देशभक्ति कोई दिखावा नहीं है। इस तमाशे को बंद करो और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करो”।
Advertisement
इस वीडियो को एक पाकिस्तानी यूजर ने एक्स हैंडल पर शेयर किया था जिसके साथ उसने तंज कसते हुए कैप्शन में लिखा- "एक बार फिर, भारतीय फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में युद्ध जीतने के लिए मेजर वरुण धवन और कैप्टन सनी देओल को ट्रिब्यूट देने के लिए एक समारोह आयोजित किया गया"। बता दें कि सिंघवी ने इसी वीडियो को रीशेयर किया है जिसकी प्रमाणिकता को लेकर कुछ कहा नहीं जा सकता।
कब रिलीज होगी ‘बॉर्डर 2’?
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ में 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बारे में दिखाया जाएगा। इसमें सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम किरदार निभा रहे हैं जो 23 जनवरी को रिलीज होगी।