अपडेटेड 2 February 2026 at 07:15 IST
Border 2 Records: सनी देओल की 'बॉर्डर 2' का बॉक्स ऑफिस पर महाविस्फोट, 'उरी' और 'फाइटर' को पीछे छोड़ रचा नया इतिहास
Border 2 Records: सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 ने अब नया रिकॉर्ड सेट कर दिया है। इस फिल्म ने विक्की कौशल की फिल्म उरी और ऋतिक रोशन की फाइटर को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Border 2 Records: सनी देओल की वॉर ड्रामा फिल्म बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाल दिखा रही है। रिलीज के महज 10 दिनों में फिल्म ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो इससे पहले किसी भी वॉर ड्रामा फिल्म के नाम नहीं था। बॉर्डर 2 ने कमाई के मामले में ऋतिक रोशन की फाइटर और विक्की कौशल की उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक जैसी सुपरहिट फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। आइए देखते हैं कि इस फिल्म ने टोटल कितनी कमाई कर ली है।
10 दिनों में 270 करोड़ का आंकड़ा पार
बॉर्डर 2 ने दसवें दिन यानी दूसरे रविवार को 22.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 275.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 350 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। फिल्म को सबसे बड़ा फायदा 26 जनवरी को मिला, जब देशभर में छुट्टी और देशभक्ति के माहौल का असर साफ नजर आया था। इस दिन बॉर्डर 2 ने करीब 60 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड तोड़ कमाई की, जिसने फिल्म को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया था।
उरी, फाइटर और केसरी को छोड़ा पीछे
कमाई के आंकड़ों के लिहाज से बॉर्डर 2 अब तक की सबसे ज्यादा कमाने वाली वॉर ड्रामा फिल्म बन चुकी है। इसने विक्की कौशल की उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक का लाइफ टाइम कलेक्शन तोड़ दिया है। विक्की कौशल की फिल्म ने वर्ल्डवाइड 341.75 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं इंडिया में इस फिल्म ने 244.14 करोड़ का कलेक्शन किया था। ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण की फाइटर का कलेक्शन तोड़ दिया है। इस फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 344 करोड़ हुआ था। अक्षय कुमार की केसरी ने टोटल 202 करोड़ रुपये कमाए थे। इस फिल्म को भी सनी देओल की फिल्म ने पीछे छोड़ दिया है।
स्टारकास्ट और फिल्म की कहानी
फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। दमदार कहानी, देशभक्ति से भरपूर संवाद और जबरदस्त एक्शन ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाने में बड़ी भूमिका निभाई है। गौरतलब है कि साल 1997 में रिलीज हुई सनी देओल की फिल्म बॉर्डर भी अपने समय की सबसे चर्चित वॉर ड्रामा फिल्मों में शामिल रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक उस दौर में फिल्म की करीब 3.7 करोड़ टिकटें बिकी थीं। अब लगभग तीन दशक बाद बॉर्डर 2 उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए नए रिकॉर्ड बना रही है।
Advertisement
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 2 February 2026 at 07:15 IST