फ्लैट और बंगला बेच लगाया पैसा...बॉलीवुड एक्‍टर जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा से करोड़ों की धोखाधड़ी; टैक्स सेटलमेंट के नाम पर ऐसे हुआ फर्जीवाड़ा

बॉलीवुड एक्टर जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी से 17 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने कारोबारी निशित पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।

Bollywood Actor Jaaved Jaaferi Wife Habiba Cheated of Rs 17 Crore; fake documents tax settlement
फ्लैट और बंगला बेच लगाया पैसा...बॉलीवुड एक्‍टर जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा से करोड़ों की धोखाधड़ी; टैक्स सेटलमेंट के नाम पर ऐसे हुआ फर्जीवाड़ा | Image: Instagram

बॉलीवुड एक्टर जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी से 17 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने कारोबारी निशित पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। इस हाई-प्रोफाइल धोखाधड़ी मामले में बीएमसी के असिस्टेंट कमिश्नर महेश पाटिल समेत कुल छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने खुद को बड़े बिल्डरों और सरकारी अधिकारियों से जुड़ा बताकर हबीबा जाफरी और उनके परिवार को फंसाया।

न सिर्फ जाफरी परिवार, बल्कि कई अन्य कलाकारों, रिश्तेदारों और प्रभावशाली लोगों से भी निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए ठगे गए। निशीत पटेल को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने उसे 19 मई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला

अप्रैल 2024 में हबीबा जाफरी को अंधेरी स्थित उनके बंगले का प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर बीएमसी का नोटिस मिला। परिचित अली रजा के जरिए उनकी मुलाकात बीएमसी जी-साउथ वार्ड के असिस्टेंट कमिश्नर महेश पाटिल से कराई गई। महेश पाटिल ने पहले टैक्स सेटलमेंट का भरोसा दिलाया और फिर बांद्रा पश्चिम के 'न्यू कमलकुंज' कमर्शियल प्रोजेक्ट में निवेश की सलाह दी।

Advertisement

निशित पटेल ने खुद को बड़े बिल्डरों से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि प्रोजेक्ट में पहले से 150 करोड़ रुपए का निवेश हो चुका है। उन्होंने भरोसा दिया कि दिसंबर 2025 तक कमर्शियल स्पेस का कब्जा मिल जाएगा और विदेशी बैंक के साथ प्री-लीज एग्रीमेंट भी तैयार है। वहीं, आरोपियों ने जाफरी परिवार के घर कई बार जाकर नक्शे, लेटरहेड, फेक लेटर ऑफ इंटरेस्ट और प्रोजेक्ट की तस्वीरें-वीडियो दिखाकर भरोसा जताया।

भरोसे में आकर जाफरी परिवार ने अपने फ्लैट और बंगले बेचकर पैसा लगाया। पुलिस के मुताबिक, यह रकम पूजन टेक्नोलॉजीज, उदित ट्रेडर्स, एशियन फूड और आरपीपीएल मल्टी ट्रेड जैसी कई कंपनियों के खातों में ट्रांसफर की गई।

Advertisement

कागजात मांगने पर सौंप दिए फर्जी पेपर

सबसे चौंकाने वाला पहलू फर्जी रजिस्ट्री प्रक्रिया थी। आरोपी रूपेश, देवेंद्र पडवल और अन्य लोग सरकारी मशीन जैसी डिवाइस लेकर जाफरी परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने फोटो, फिंगरप्रिंट और हस्ताक्षर लेकर रजिस्ट्री पूरी करने का दावा किया। बाद में फर्जी दस्तावेजों की कॉपी सौंपी गई। जब मूल दस्तावेज मांगे गए तो कहा गया कि वे बिल्डर के पास हैं। पूछताछ में निशित पटेल ने फर्जी दस्तावेज बनाने की बात स्वीकार कर ली है।

जावेद जाफरी का फिल्‍मी करियर

जावेद जाफरी फिल्मों में करीब 30 से साल से काम कर रहे हैं और अब तक दर्जनों सुपरहिट फिल्मों में कई अहम किरदार निभाए हैं। जावेद के पिता जगदीप भी फिल्मी दुनिया के बड़े कलाकार रहे हैं और उन्होंने कमाल का काम किया है। इसके बाद जावेद ने 1985 में फिल्म मेरी जंग से पहचान हासिल की और अपनी जबरदस्त कॉमेडी टाइमिंग के लिए पहचान हासिल की।

इसके लिए उनकी फिल्में 3 ईडियट्स, धमाल, सलाम नमस्ते और सिंग इज किंग आज भी लोगों के दिलों में बसी हैं। जावेद एक बेहतरीन वॉइस आर्टिस्ट भी हैं और अपनी कमाल की रेंज के लिए पहचाने जाते हैं। जावेद ने कई अंग्रेजी और दूसरी भाषाओं के किरदारों की भी डबिंग की है। अब जावेद के बेटे मीजान भी बॉलीवुड में अपनी पहचान तलाश रहे हैं। बीते दिनों जावेद के साथ फिल्म 'दे दे प्यार दे 2' में अपने बेटे मीजान के साथ स्क्रीन भी शेयर की थी। इस फिल्म में अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह ने लीड रोल निभाया था।

जावेद जाफरी की शादी

जावेद जाफरी की पहली शादी 1989 में हुई थी। एक्टर ने पाकिस्तानी एक्ट्रेस जेबा बख्तियार से निकाह किया था, पर एक साल के अंदर ही दोनों का रिश्ता टूट गया और तलाक लेकर अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने हबीबा जाफरी से दूसरी शादी की। अब खुशहाल वैवाहिक जीवन जी रहे हैं. दोनों के तीन बच्चे हैं। 

इसे भी पढ़ें- इस देश में 'सेक्स' के बदले मिलती है 'नौकरी', पुलिस से शिकायत करने भी नहीं जाती लड़कियां; परेशान होकर अब राष्‍ट्रपति ने कर दिया बड़ा ऐलान
 

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड