अपडेटेड 1 May 2024 at 07:53 IST
6 साल से फिल्मों से दूर, 255 करोड़ की नेट वर्थ! पति विराट संग अनुष्का ऐसे मना रहीं 36वां बर्थडे
Anushka Sharma Birthday: 1 मई 1988 को अयोध्या में जन्मी अनुष्का शर्मा के माता-पिता गढ़वाल, उत्तराखंड के रहने वाले हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read

Anushka Sharma Birthday: अनुष्का शर्मा लगभग छह सालों से बड़े पर्दे से दूर हैं। उनकी आखिरी फिल्म 2018 में आई थी जिसका नाम था जीरो। इस बीच, उन्होंने अपना प्रोडक्शन हाउस क्लीन स्लेट फिल्मस भी छोड़ दिया जिसे उन्होंने बड़ी मेहनत से केवल 24 साल की उम्र में शुरू किया था। इन दिनों वह अपने बेटे अकाय कोहली के जन्म के बाद मदरहुड को एंजॉय कर रही हैं। आज अनुष्का अपना 36वां बर्थडे मना रही हैं। ये उनका बेटे अकाय के साथ पहला बर्थडे होगा और हर बार की तरह इस बार भी वह परिवार के साथ ही ये दिन बिता सकती हैं।
1 मई 1988 को अयोध्या में जन्मी अनुष्का शर्मा के माता-पिता गढ़वाल, उत्तराखंड के रहने वाले हैं। पिता कर्नल अजय कुमार शर्मा एक आर्मी अफसर थे तो एक्ट्रेस ने भारत के कई शहरों में जिंदगी जी। वह जर्नलिस्ट बनना चाहती थीं लेकिन किस्मत उन्हें ग्लैमर की दुनिया तक खींच लाई।
अनुष्का शर्मा ने आते ही मचा दिया बॉलीवुड में धमाल
अनुष्का ने पहले मॉडलिंग से अपना करियर शुरू किया। उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखने से पहले कई एड्स में काम किया था। फिर यश राज फिल्म्स ने उन्हें 2008 में फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ से डेब्यू करने का मौका दिया जो सुपरहिट रही। उन्होंने YRF के साथ तीन फिल्मों की डील की थी जो ‘बैंड बाजा बारात’ (2010) के साथ पूरी हुई। उनकी दूसरी फिल्म ‘बदमाश कंपनी’ (2010) थी जिसने बड़े पर्दे पर ठीकठाक परफॉर्म किया।
अपने 16 साल के करियर में अनुष्का शर्मा ने बॉलीवुड के कई बड़े सुपरस्टार्स के साथ काम किया है। उन्होंने ‘जब तक है जान’, ‘पीके’, ‘सुल्तान’, ‘ऐ दिल है मुश्किल’, ‘सुई धागा’ जैसी कई हिट फिल्में दी हैं। अपने उतार चढ़ाव भरे करियर में उन्होंने फ्लॉप भी काफी देखी। फिर जब प्रोडक्शन के फील्ड में कदम रखा तो यहां भी झंडे गाढ़ दिए। उन्होंने ‘पाताल लोक’ जैसी वेब सीरीज और ‘बुलबुल’ जैसी फिल्म बनाकर ओटीटी पर कब्जा कर लिया।
Advertisement
जब क्रिकेटर विराट कोहली को दे बैठी दिल…
अनुष्का उन कुछ चुनिंदा लकी लोगों में से हैं जिनकी प्रोफेशनल लाइफ के साथ साथ पर्सनल लाइफ भी काफी रोमांचक रही है। उन्होंने सालों के रिलेशनशिप के बाद स्टार क्रिकेटर विराट कोहली के साथ 11 दिसंबर 2017 को इटली के खूबसूरत टस्कन इलाके में शादी रचाई थी। उनकी शादी कई मायनों में एक ट्रेंड सेटर थी। 2021 में उनकी पहली संतान वामिका कोहली का जन्म हुआ। फिर इस साल 15 फरवरी को अनुष्का ने अपनी दूसरी संतान अकाय कोहली को जन्म दिया।
करियर की तरह अनुष्का की लव स्टोरी भी काफी फिल्मी रही है। उनकी और विराट की पहली मुलाकात एक टीवी एड के शूटिंग सेट पर हुई थी। शुरू में एक्ट्रेस को क्रिकेटर थोड़े अजीब लगे। धीरे धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ने लगी। मीडिया के गलियारों में तो चर्चा शुरू ही हो गई थी कि अनुष्का और विराट डेट कर रहे थे। फिर 2014 में पुणे में इंडियन सुपर लीग फुटबॉल खेल में एक साथ पहुंचकर दोनों ने रिलेशनशिप की खबरों पर मुहर भी लगा दी।
Advertisement
कहा तो ऐसा भी जाता है कि 2017 में शादी से पहले 2016 में दोनों का ब्रेकअप हो गया था। जब कोहली ने अनुष्का को सोशल मीडिया पर अनफॉलो किया तो फैंस का दिल टूट गया था लेकिन कहते हैं ना… सच्चा प्यार रास्ता ढूंढ ही लाता है। ऐसा ही कुछ इस लव स्टोरी में भी हुआ और दोनों ने परिवारवालों की मौजूदगी में हमेशा के लिए एक-दूजे का हाथ थाम लिया।
करोड़ों की मालकिन हैं अनुष्का शर्मा
अनुष्का शर्मा अपने लगभग दो दशक के करियर में कई फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट का हिस्सा रही हैं। ऐसे में हर प्रोजेक्ट के साथ उनकी नेट वर्थ में इजाफा ही हो रहा है। फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट की माने तो, 2024 में अनुष्का शर्मा की नेट वर्थ करीब 255 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अनुष्का Nush नाम के कपड़ों के ब्रांड की भी मालिकन हैं जिसकी फिलहाल मार्केट वैल्यू 65 करोड़ रुपये है। वहीं उनका प्रोडक्शन हाउस करीब 450 करोड़ रुपये का है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 1 May 2024 at 07:17 IST