'मंत्री जी... मंच पर जाकर इस तरह उन्हें अपमानित करना जरूरी था?', अनपुम खेर ने जताई कड़ी नाराजगी, कहा- दलेर मेहंदी ठीक नहीं
बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर अब दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे हैं। उन्होंने मंत्री जी से सवाल पूछा है कि क्या इस तरह मंच पर उन्हें अपमानित करना जरूरी था।
- मनोरंजन समाचार
- 6 min read

Anupam Kher Supports Daler Mehndi: मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों सुर्खियों में हैं। उत्तराखंड के एक इवेंट में उन पर लगे आरोपों के बाद अब बॉलीवुड और संगीत जगत के सितारे उनके सपोर्ट में उतर आए हैं। मीका सिंह, कपिल शर्मा, बादशाह के बाद अब दिग्गज एक्टर अनुपम खेर ने खुलकर उनका बचाव किया है।
अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर देर रात एक वीडियो मैसेज पोस्ट कर कहा कि मंच पर उनके साथ जिस लहजे में बात की गई उसे देखकर उन्हें बेहद दुख पहुंचा है। इस तरीके से किसी को किसी से भी बात नहीं करनी चाहिए।
वो शराब नहीं पीते- खेर ने किया सपोर्ट
खेर ने कहा, 'अभी एक-दो दिन पहले मैंने एक वीडियो देखा जिसमें कोई मंत्री जी मंच पर दलेर मेहंदी जी से जिस तरह बात कर रहे थे उसे देखकर बहुत दुख हुआ। मैं दलेर जी को पिछले 25-30 सालों से जानता हूं। मैं जितना जानता हूं इतना कह सकता हूं कि वो शराब नहीं पीते हैं। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं रही है। ये बात मैं पर्सनली जानता हूं।'
पब्लिकली लांछन लगाना गलत- खेर
उन्होंने अंदाजा लगाते हुए कहा कि हो सकता है कि इस ऑर्गेनाइजेशन के साथ उनकी कमिटमेंट्स रही हों और वे मना न कर पाए हों। ये पेशेवर रवैया है कि वे अपने वादों पर कायम रहे। लेकिन उन्होंने गाया। ये भी हो सकता है कि उन्होंने लिप सिंक किया हो। लेकिन मुझे ये बात बुरी लगी कि इस तरह से किसी को किसी से भी बात नहीं करनी चाहिए; वो भी खुले मंच पर। ये सही नहीं है। इस तरह से पब्लिकली लांछन लगाना गलत है।
Advertisement
'मंत्री जी, मंच पर उन्हें अपमानित करना जरूरी था?'
खेर ने यह भी कहा कि मंत्री जी आपको उनकी प्रस्तुति से शिकायत हो सकती है; नाराजगी भी हो सकती है। लेकिन क्या सभी के सामने मंच पर जाकर इस तरह उन्हें अपमानित करना जरूरी था? यही बात उनसे अलग बैठकर इज्जत से भी तो कही जा सकती थी। एक कलाकार अपनी मेहनत से जो पहचान और सम्मान कमाता है, उसके पीछे पूरी जिंदगी लगी होती है। दलेर जी ने पिछले 30-25 सालों से अपने गानों से हम सभी को खुशी दी है। उस योगदान की कुछ तो कद्र होनी चाहिए।
अनुपम खेर ने सिंगर की तारीफ में कहा कि दलेर जी मैंने आपको हमेशा एक नेकदिल और प्यार बांटने वाले इंसान के रूप में जाना है। जहां तक मैं आपको जानता हूं आप शराब भी नहीं पीते। आपको यह सब सहना पड़ा इसका मुझे बहुत अफसोस है।
Advertisement
इस दौरान उन्होंने इंडस्ट्री के साथियों से अपील करते हुए कहा कि जो भी दलेर मेहंदी को जानते हैं, वे अपनी बात जरूर रखें। उनके साथ खड़े हों। किसी के अच्छे स्वभाव के बारे में, उसकी इंसानियत के बारे में अपने अनुभव से दो शब्द कहना भी बहुत मायने रखता है। ऐसे वक्त में एक साथी के लिए इतना तो हम कर ही सकते हैं। दलेर जी आप जितने बेहतरीन कलाकार हैं, उतने ही प्यारे इंसान भी हैं। अपना ख्याल रखिए। भगवान आपको अच्छी सेहत दे। मेरा प्यार और सम्मान हमेशा आपके साथ है।
आरोप साबित हुए तो गाना छोड़ दूंगा- मीका
इससे पहले दलेर मेहंदी के बचाव में मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया था कि उनके भाई पिछले दो साल से अस्वस्थ हैं और हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है। मीका ने शराब पीने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि कोई अगर ये साबित कर दे कि दलेर शराब पी रहे थे तो वह गाना छोड़ देंगे।
कलाकार को अपमानित करना दुखद- बादशाह
वहीं, रैपर बादशाह ने भी सपोर्ट में कहा कि दलेर मेहंदी की कला और संगीत जगत में योगदान पर निराशा जताई जा सकती है, लेकिन सार्वजनिक रूप से किसी कलाकार को अपमानित करना बेहद दुखद है।
कपिल शर्मा- उन लोगों पर शर्म आती है, जो…
इसके अलावा कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी कहा कि लोगों को पूरी तरह से सच मालूम नहीं है। उन्होंने सिंगर मीका सिंह की पोस्ट अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर कर कहा कि दलेर पाजी की कोई गंभीर सर्जरी हुई थी, जिसके बारे में लोगों को पता नहीं है। हम सभी को एक-दूसरे के प्रति थोड़ा दयालु होने की जरूरत है। हमें नहीं पता की सामने वाला किस दौर से गुजर रहा है। मीका सिंह पाजी सच बताने के लिए आपका शुक्रिया। भगवान दलेर पाजी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखे। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं पाजी।
कपिल शर्मा ने मीका सिंह की पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लिखा, 'भगवान दलेर पाजी को जल्दी ठीक होने की शक्ति दे और वो जल्द ही स्टेज पर शेर की तरह दहाड़ेंगे। उन लोगों पर शर्म आती है, जो सिर्फ कुछ व्यूज के लिए ऐसी झूठी खबरें फैला रहे हैं। भगवान दिलेर पाजी को आशीर्वाद दे।'
क्या है पूरा मामला?
एक लाइव परफॉर्मंस के दौरान उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने स्टेज पर पहुंचकर दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, 'आपसे बोला तो जा नहीं रहा है, गाना क्या गाएंगे।' इस पूरे घटनाक्रम के बाद कार्यक्रम में हुई बातचीत भी चर्चा का विषय बन गई। मामला सिर्फ एक लाइव परफॉर्मेंस रुकने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मंच पर मंत्री के सख्त लहजे और गायक को कही गई बातों को लेकर भी चर्चा होने लगी।